थाना प्रभारी आशीर्वाद राहटगांवकर को केंद्रीय गृहमंत्री ने किया दक्षता पदक से सम्मानित
रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तमनार थाना प्रभारी और महाराष्ट्र मंडल रायपुर के आजीवन सभासद आशीर्वाद राहटगांवकर को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने “दक्षता पदक” से सम्मानित किया। हाल ही में रायगढ़ पुलिस अधीक्षक ने उन्हें इस प्रतिष्ठित पदक और प्रमाण पत्र से सम्मानित करते हुए उनके निरंतर समर्पण की सराहना की। एसपी ने इस मौके पर अन्य अधिकारियों को भी अपने कार्यों में रुचि लेकर उत्कृष्टता प्राप्त करने की प्रेरणा दी। आशीर्वाद राहटगांवकर की इस उपलब्धि पर महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काळे, उपाध्यक्ष गीता श्याम दलाल, सचिव चेतन गोविंद दंडवते सहित पूरी कार्यकारिणी ने उन्हें अपनी शुभकामनाएं दी।
राहटगांवकर ने बताया कि उन्हें यह पुरस्कार राजनांदगांव में पदस्थ रहते हुए एक अंधे कत्ल मामले में आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने के लिए मिला। उन्होंने अपनी इस सफलता को पुलिस विभाग और अपने सहकर्मियों को समर्पित किया है।
तमनार थाना प्रभारी रहते हुए, राहटगांवकर ने कई महत्वपूर्ण मामलों में सफल कार्यवाही की है। जुलाई 2023 में 7 बाइक चोरों की गिरफ्तारी और सितम्बर 2023 में 22 बाइक बरामद कर 2 चोरों को जेल भेजना उनके प्रमुख उपलब्धियों में से है। इसके अलावा, पाली घाट के सेल्फी पॉइंट पर हुए अंधे कत्ल मामले की गुत्थी सुलझाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
राजनांदगांव में पदस्थ रहते हुए, उन्होंने 6 साल की नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को उम्रकैद की सजा दिलाई, जिससे पीड़िता को न्याय मिला। राहटगांवकर की इन उपलब्धियों ने न केवल उनके विभाग का मान बढ़ाया है, बल्कि अन्य पुलिस अधिकारियों के लिए भी एक प्रेरणा का काम किया है।