छत्तीसगढ़

गोपालक ने गोमाता को दी भावुक विदाई... परिवार और वार्डवासियों ने दी श्रद्धांजलि

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में एक गाय के निधन पर उसके मालिक और स्थानीय निवासियों ने जिस तरह श्रद्धांजलि दी, वह भावनाओं से भरा हुआ था। गाय के प्रति आस्था और श्रद्धा का यह अद्भुत उदाहरण सामने आया है, जब एक परिवार ने अपनी गाय का अंतिम संस्कार बैंड-बाजे के साथ धूमधाम से आयोजित किया।

बता दें कि गोपालक राजू पाण्डेय की गाय लंबे समय से बीमार थी। उन्होंने अपनी गाय की आखिरी सांस तक सेवा की, लेकिन सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई। इस पर पांडेय परिवार ने एक अनोखी पहल करते हुए गाय की अंतिम यात्रा बड़े सम्मान के साथ निकाली। गाय की विदाई के लिए पांडेय परिवार ने एक सजी हुई गाड़ी का आयोजन किया, जिसमें बैंड बाजे की धुन पर अंतिम यात्रा शुरू हुई। इस यात्रा में न केवल परिवार के सदस्य शामिल हुए, बल्कि वार्ड के लोग भी अंतिम दर्शन के लिए आए।

 

आखिरी विदाई में गाय के प्रति स्थानीय लोगों का प्रेम और सम्मान स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। कई महिलाओं की आंखों में आंसू थे और वे श्रद्धा के साथ गाय के शव पर नए कपड़े डाल रही थीं। यह परंपरा छत्तीसगढ़ में किसी परिजन के निधन पर की जाती है, जिसमें शव पर सफेद या पीला कपड़ा डालने की परंपरा है। 

 

कवर्धा में इस गाय की अंतिम यात्रा का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि कैसे महिलाएं अपनी साड़ियों को श्रद्धांजलि के रूप में गाय के शरीर पर डाल रही हैं। यह घटना न केवल एक गाय के प्रति सम्मान को दर्शाती है, बल्कि समाज में जीवों के प्रति संवेदनशीलता और प्रेम का भी प्रतीक है।