छत्तीसगढ़

आत्मानंद स्कूल निर्माण में देरी... कलेक्टर ने ठेकेदार पर लगाया जुर्माना

रायपुर। प्रदेश के कई जिलों में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों के निर्माण कार्य में देरी करने पर ठेकेदारों पर 45 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया है। प्रशासन ने सख्त चेतावनी दी है कि यदि समय-सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण नहीं किया गया, तो और भी पेनल्टी लगाई जाएगी। 

मुंगेली के कलेक्टर राहुल देव ने लालपुर थाना, सरगांव, मोतिमपुर, पथरिया और लोरमी में स्वामी आत्मानंद स्कूलों के धीमी गति से हो रहे निर्माण कार्य पर नाराजगी व्यक्त की थी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि ठेकेदारों की लापरवाही की जांच कर, आवश्यक कार्रवाई की जाए।

ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के प्रभारी कार्यपालन अभियंता पी. एल. पडवार ने बताया कि लालपुर थाना में स्कूल के निर्माण के लिए 11 फरवरी 2023 को कार्यादेश जारी किया गया था, जिसे 11 महीनों में पूरा करना था। लेकिन अब तक ठेकेदार ने काम पूरा नहीं किया, जिसके चलते उस पर 10 लाख 23 हजार 661 रुपये का विलंब शुल्क लगाया गया और 31 जनवरी 2025 तक कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया है।