पहलगाम आतंकी हमले में मृत पर्यटकों को महाराष्ट्र मंडल ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
2025-04-23 09:15 PM
1319
0- आतंकवादियों को उनके किए की सख्त सजा दिए जाने का पूरा भरोसा: काले
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल में बुधवार की शाम पहलगाम में सोमवार को आतंकी हमले में मारे गए पर्यटकों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस गमगीन अवसर पर मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के जिम्मेदार एक- एक दोषियों को सरकार अतिशीघ्र सख्त सजा देगी। इसका हमें पूरा भरोसा है। आतंकी हमले में मारे गए समता कॉलोनी निवासी दिनेश मिरानिया समेत सभी 26 पर्यटकों के साथ महाराष्ट्र मंडल की संवेदनाएं हैं और मंडल का एक- एक सभासद दिवंगत पर्यटकों के स्वजनों के साथ खड़ा हैं। ईश्वर सभी दिवंगत पर्यटकों को अपने श्री चरणों में स्थान दे। काले ने कहा कि गुरुवार सुबह दिनेश मिरानिया की अंतिम यात्रा में महाराष्ट्र मंडल के पदाधिकारी व सभासद भी शामिल होंगे।
इस अवसर पर मंडल की उपाध्यक्ष गीता श्याम दलाल, सचिव चेतन दंडवते, सह सचिव मालती मिश्रा, दिव्यांग बालिका विकास गृह के प्रभारी प्रसन्न निमोणकर, संत ज्ञानेश्वर स्कूल के प्रभारी परितोष डोनगांवकर, भवन प्रभारी निरंजन पंडित, मुख्य समन्वयक श्याम सुंदर खंगन, वरिष्ठ रंगसाधक अनिल श्रीराम कालेले, पर्यावरण समिति की अनघा करकशे, स्पोर्ट्स समिति के सुधीर जाऊलकर, श्याम दलाल, प्रशांत देशपांडे, अतुल गद्रे, अतिथि छत्तीसगढ विद्युत वितरण कंपनी के प्रकाशन अधिकारी गोविंद पटेल सहित अनेक पदाधिकारी व सभासद उपस्थित रहे।