दिव्य महाराष्ट्र मंडल

देखें वीडियो.......रिंग फाइटर घंटों कर रहे मेहनत... इस बार कप जीतने का बनाया लक्ष्य

  - अंतरराष्‍ट्रीय चैंपियनशिप के लिए 22 मई को रवाना होगी टीम

रायपुर। इंटरनेशनल रिंग फाइट चैम्पियनशिप 2025 में विजेता बनने के लिए छत्तीसगढ़ रिंग फाइट एसोसिएशन की टीम महाराष्ट्र मंडल द्वारा संचालित संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में जमकर पसीना बहा रही है। प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 8.30 बजे तक रिंग फाइटर अभ्यास कर रहे है। कैंप में संत ज्ञानेश्वर स्कूल के बच्चों के साथ अन्य स्कूल के बच्चे और जगदलपुर से दो रिंग फाइटर अभ्यास कर रहे है।

मंडल की खेल समिति के वरिष्‍ठ सदस्‍य और छत्तीसगढ़ रिंग फाइट एसोसिएशन के सचिव व प्रशिक्षक ओपी कटारिया ने बताया कि चैम्पियनशिप के लिए हमारे रिंग फाइटर जमकर पसीना बहा रहे है। रिंग फाइट का खेल तीन राउंड का होता है। जिसमें पहला राउंड रस्सा खींच है। इसके लिए प्रतिभागी को महज 15 से 20 सेकंड का समय दिया जाता है। एक ही झटके में सामने वाले प्रतिभागी को अपनी ओर खींचना होता है। झुक जाने पर आपको हारा हुआ मान लिया जाता है।  

स्पर्धा का दूसरा राउंड पंचेस फाइट का होता है। इसके लिए दो मिनट का समय निर्धारित होता है। दोनों खिलाड़ी एक- दूसरे के फेस पर पंच बरसाते हैं। तीसरा राउंड किक्‍स का होगा। इसमें प्रतिभागी प्रतिस्‍पर्धी पर दो मिनट में ही फ्री स्‍टाइल की फाइटिंग करेंगे। कैंप में शामिल फाइटरों को इसी के अनुसार प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ताकि उनका प्रदर्शन बेहतर हो सके।


मंगलवार को कैंप में एसोसिएशन के अध्यक्ष चेतन दंडवते, उपाध्यक्ष गीता दलाल और तकनीकी विशेषज्ञ और कोच प्रवीण क्षीरसागर विशेष रुप से उपस्थित थे। सचिव ओपी कटारिया ने अध्यक्ष  को बताया कि पिछले एक सप्ताह से चल रहे कैंप के बाद आज खिलाडियों में आत्मविश्वास दिखाई दे रहा है। और खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन भी कर रहे है। अध्यक्ष चेतन दंडवते ने कहा  कैंप में प्रतिभागियों का समर्पण और मेहनत कमाल है और हमें उम्‍मीद है कि हैदराबाद में 23 मई से होने वाले अंतरराज्‍यीय रिंग फाइट चैंपियनशिप में इसका प्रभाव दिखाई देगा।

एसोसिएशन के उपाध्यक्ष गीता दलाल के अनुसार 22 मई को हैदराबाद जाने के लिए तैयारियां लगभग पूरी कर ली गईं हैं।  यह टीम अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी। इस प्रतियोगिता में भारत सहित बंगलादेश, श्रीलंका, नेपाल, इराक जैसे देशों की टीमें शामिल होंगी। गीता के अनुसार यह अंतरराष्‍ट्रीय प्रतियोगिता हैदराबाद में 23 से 26 मई तक आयोजित की जा रही है।