यादें...... ताई चली गई अनंत यात्रा पर...
अजय मधुकर काले, अध्यक्ष महाराष्ट्र मंडल रायपुर
छत्तीसगढ़ की पहली महिला विधायक रजनी ताई उपासने 93 वर्ष की आयु में अनंत यात्रा में निकल गई। तात्यापारा राजिमवाले बाड़े के ऊपर का मकान ओर उसमें ताई का परिवार रहता था। मुझे तो जगदीश भैया ओर नंदू भैया का साथ मिला जब तात्यापारा डबरी में शाखा में हम जाते थे। उस समय मेरी उम्र 7 साल थी गली में खेलते थे। अचानक पुलिस वाले आए और उपासने परिवार से भैया लोगों को ले गए। आसपास के लोग मुझे भी डराते थे तुमको भी ले जाएंगे। अभय गोडसे जी को ले गए, बंडू पुराणिक को ले गए, अब तुमको भी ले जाएंगे। तब समझ भी नही थीं लेकिन काकू के शब्द आज भी याद हैं बच्चो तुम लोग डरो मत कुछ नहीं होगा। चंदू भैया (सुहास देशपांडे जी) बुड़ुक भैया (शरद देशपांडे) हमारे शाखा के शिक्षक गण की उपस्थिति में लगातार तात्यापारा के सारे बच्चो का गैंग बन गया था। फ़िर आया 1977 का चुनाव ताई को टिकिट मिल गई थी और हम जोर-शोर से प्रचार में जुट गए। रिक्शा में ताई को वोट दो के नारे लगाते थे घूमने का भी मजा ओर ताई का प्रचार। कौन सामने था मतलब नहीं था, बस ताई जितना चाहिए ये ही धुन। सप्रे स्कूल का मैदान पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी बाजपेयी जी की सभा और पहली बार भीड़ कह रही थी, ताई जीतेगी हम बहुत खुश। रिजल्ट आया तो सभी घर में जमा हुए ताई व्यक्तिगत सभी को पूछ पूछकर पेढ़े खिला रही थी। मुझे कहा था बहुत रिक्शे में घूम घूमकर मेहनत किए तुम 2 पेड़े खाओ। इतनी सरल, सभी का ध्यान रखने वाली ओर सभी बातों को स्मरण रखने वाली ताई ने जितनी कठिनाई के साथ पूरे प्रतिबध्दता के साथ अपनी विधायकी का सफर पूर्ण किया वो प्रेरणास्पद रहा।
महाराष्ट्र् मंडल की आजीवन सभासद ताई हमेशा मंडळ के कार्यो की प्रशंसक रही है। मंडल की परंपरा रही कि 80वें जन्मदिन के बाद हर साल जन्मदिन पर महिला केंद्र की सदस्याएं उनका सन्मान करने घर जाती थीं तो उन्हें सामाजिक कार्यो के विषय में बताते रहती थी। ऐसी हम सबकी प्रिय ताई अब दुनिया से जा रही लेकिंन अपने व्यवहार के कारण लोगो के दिल मे हमेशा रहेगी। बता दें कि छत्तीसगढ़ में रायपुर की पूर्व विधायक रजनी ताई उपासने का बुधवार शाम रायपुर के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया।