स्वदेशी मेला 2025: लावणी, गोंधल और पिंगा नृत्य में दिखी मराठी संस्कृति
- फूड स्टाल में मराठी व्यंजनों का हजारों लोगों ने उठाया लुत्फ
- महाराष्ट्र मंडल सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति ने किया प्रभावित
रायपुर। राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान पर चल रहे स्वदेशी मेले में शुक्रवार को अभिज्ञा शुक्ला ने गणेश वंदना के साथ आकर्षक डांस कर दर्शकदीर्घा को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में प्रस्तुत क्रमशः लावणी, गोंधल और पिंगा नृत्यों में मराठी संस्कृति नजर आई। वहीं मेला परिसर में लगे मराठी व्यंजनों के स्टॉल में लोगों ने महाराष्ट्र की व्यंजनों का लुत्फ उठाया।

महाराष्ट्र मंडल की उपाध्यक्ष गीता श्याम दलाल ने बताया कि स्वदेशी मेले में शुक्रवार 19 दिसंबर को महाराष्ट्र मंडल की ओर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। गणेश वंदना के साथ अभिज्ञा शुक्ला ने खूब तालियां बटोरी। मंडल द्वारा संचालित संत ज्ञानेश्वर विद्यालय के 12वीं की छात्रा कनक, आनंदिता, युक्ता, जानवी, यशिका, डिंपल और तनिशा ने आकर्षक गोंधल नृत्य आई मां भवानी प्रस्तुत किया। गोंधल नृत्य एक धार्मिक नृत्य है जिसमें गाना और नृत्य शामिल है। यह हिंदू देवी-देवताओं को समर्पित होता है। वहीं 11वीं की छात्राएं हिमांशी, रचना, कामना, समृद्धि, रिया, उमा, दीपिका, भावना, नुपूर और पूर्वी ने ‘नवराई मांझी नवसाची तो’ पर नृत्य प्रस्तुत किया।

गीता दलाल ने आगे बताया कि पवना लायसा ने सुंदर लावणी की प्रस्तुति दी। लावणी ढोल की थाप पर किया जाता है। इसका इस्तेमाल सैनिकों को मोटिवेट करने के लिए किया जाता था और अब यह लोक थिएटर का एक अहम हिस्सा है। वहीं देवश्री, जयश्री और लायसा ने पिंगा नृत्य प्रस्तुत किया। पिंगा नृत्य मुख्य रूप से मंगलागौरी त्योहार के दौरान नवविवाहित महिलाएं करती हैं। हमारे नन्हें कलाकार पार्थ शेष ने संभाजी महाराज के ओजस्वी संवादों के साथ खूब तालियां बटोरी। वहीं अंजलि काले, सृष्टि दंडवते, सृष्टि, सुमिता रायजादा और रचना ठेंगड़ी ने समूह नृत्य प्रस्तुत किया। इसके साथ आयोजन में पूनम जतकर, लक्ष्मी जिल्हारे, आरूषी कंबलकर ने भी मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के साथ मेले में समाजसेवा, योग और आध्यात्म की दिशा में काम करने वाली मंडल की सदस्य आस्था काले और सृष्टि दंडवते सम्मानित की गई। इस मौके पर मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने कार्यक्रम को संबोधित किया। स्वदेशी मेले में महाराष्ट्र मंडल के मराठी व्यंजनों के विशेष स्टॉल कई घंटे तक लोगों की जबरदस्त भीड़ जुटी रही। इस मौके पर मंडल के सचिव चेतन दंडवते, मुख्य समन्वयक श्याम सुंदर खंगन, सुकृत गनोदवाले, आस्था काले, नमिता शेष, रेणुका पुराणिक, अपर्णा देशमुख सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारीगण उपस्थित थे।