दिव्य महाराष्ट्र मंडल

शिवाजी महाराज की गौरव यात्रा की तैयारियों के लिए जुटा सर्वसमाज

0 महाराष्‍ट्र मंडल में हुई बैठक में कार्यक्रम के स्‍वरूप, सभास्‍थल, रुकने- भोजन की व्‍यवस्‍था के लिए तय की गई जिम्‍मेदारी
रायपुर। शिवाजी महाराज की मां जिजाऊ बाई के मायके सिंधखेड़ से निकलने वाली यात्रा के स्‍वागत और भव्‍य कार्यक्रम के लिए अब सर्वसमाज के प्रतिनिधियों ने कमर कस ली है। रविवार को सुबह महाराष्‍ट्र मंडल में हुई बैठक में विभिन्‍न समाजों के प्रातिनिधियों को आयोजन को लेकर जिम्‍मेदारियां सौंपी गईं। सभी इस बात पर सहमत थे कि एक- दो दिन में आयोजन स्‍थल का चयन फाइनल कर लिया जाएगा।
 
डॉ. धनंजय वर्मा ने मां जिजाऊ बाई के वंशज शिवाजी दत्‍तात्रेय राजे जाधव से टेलीफोनिक चर्चा कर यह यह सुनिश्चित किया कि शिवाजी महाराज के रथ को लेकर निकली राष्‍ट्रीय गौरव यात्रा का रायपुर में शाम चार बजे तक प्रवेश हो जाएगा। ताकि बाकी के कार्यक्रमों को निर्धारित समयानुसार व्‍यवस्थ‍ित तरीके से संपन्‍न किया जा सके। जाधव ने शाम चार बजे तक गौरव यात्रा के रायपुर पहुंचने और यात्रा के साथ महाराष्‍ट्र से करीब 500 लोगों के पहुंचने का भी भरोसा दिया है। 
 
चर्चा के दौरान महाराष्‍ट्र मंडल के अध्‍यक्ष अजय मधुकर काले व अन्‍य समाज के प्रतिनिधियों ने आयोजन के प्रत्‍येक मद को लेकर अनुमानित बजट निकाला और सभी समाज के प्रतिन‍िधियों के सामने स्‍पष्‍ट किया कि पूरे आयोजन को लेकर लगभग पूरा बजट क्‍या होगा और इसकी फंडिंग कैसे की जाएगी, इसकी जानकारी दी गई। साथ ही सभी समाज के पदाधिकारियों को अपने- अपने प्रभाव वाले, कार्यक्षेत्रों से अनुमानित बजट के मद्देनजर फंडिंग करनी की अपील की गई। 
 
बैठक में सिविल सोसायटी के संस्‍थापक डॉ. कुलदीप सोलंकी, मराठा समाज के अध्‍यक्ष लोकेश पवार, प्रदेश तिरेला कुर्मी समाज के अध्‍यक्ष ललित कांकडे, डॉ. धनंजय वर्मा ने भी आयोजन को लेकर कई महत्‍वपूर्ण सुझाव दिए। इनमें से एक सुझाव सीजीएमएसपीएल के चेयरमैन दीपक म्‍हस्‍के को आयोजन समिति में शामिल करने का भी रहा। ताकि आयोजन को लेकर सरकार से भी यथासंभव सहयोग मिल सके। 
 
बैठक में मराठा समाज के शरद फरताडे, मंडल की उपाध्‍यक्ष गीता दलाल, बृहन्‍महाराष्‍ट्र मंडल के छत्‍तीसगढ़ कार्यवाह सुबोध टोले, महाराष्‍ट्र मंडल कार्यकारिणी के निरंजन पंडित, परितोष डोनगांवकर, सुकृत गनोदवाले, प्रशांत देशपांडे सहित अनेक पदाधिकारी व सभासद उपस्थित रहे।