गणित के सूत्रों को याद करने बनाएं 'फॉर्मूला नोटबुक'... बार-बार लिखकर करें याद
2026-02-14 05:50 PM
76
- बोर्ड के हेल्प लाइन नंबर संत ज्ञानेश्वर विद्यालय के शिक्षक खरे ने बच्चों को दिए टिप्स
रायपुर। बोर्ड परीक्षा की तैयारी के बीच परीक्षा को लेकर बच्चों के मन में व्याप्त भय को दूर करने के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा हेल्प लाइन सेंटर शुरू कर दिया गया है। जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या मे प्रदेश भर के बच्चे और अभिभावक फोन कर रहे है। संत ज्ञानेश्वर विद्यालय के गणित विषय के शिक्षक अखिल खरे ने हेल्प लाइन नंबर आए बच्चों के सवालों के जवाब दिए और उन्हें गणित के सूत्रों को याद करने का फार्मूला भी बताया। गणित को लेकर बच्चों के मन मे काफी भय देखा है।
अखिल खरे ने बच्चों को बताया कि गणित के सूत्रों को बार-बार लिखकर याद करना चाहिए। बार-बार लिखकर याद करने से यह दिमाग में गहराई से बैठ जाते है। गणित के सूत्रों को के लिए एक अलग से नोट बुक बनाए। जिसे 'फॉर्मूला नोटबुक' का नाम दें। यह नोटबुक आपको आगे भी काम आएगी। गणित के सूत्रों को रटने के बजाए यह समझें कि यह कैसे बना है। इससे आप उसे लंबे समय तक याद रख पाएंगे।
खरे ने बताया कि हर सूत्र से संबंधित कम से कम 10 प्रश्नों को हल करके अभ्यास कर लें। ऐसा करने से वह सूत्र आपको हमेशा के लिए याद हो जाएगा। अति महत्वपूर्ण सूत्रों को चार्ट पेपर पर लिखकर अपनी स्टडी टेबल या कमरे की दीवार पर चस्पा करें। बार-बार देखने से यह सूत्र याद हो जाता है। गणित के सूत्रों को जोर-जोर से बोलकर पढ़े।
खरे ने बच्चों से कहा कि परीक्षा के समय सभी प्रश्नों को गंभीरता से और अच्छे से पढ़ना जरूरी होता है। कई बार हम जल्दबाजी में पढ़ते हैं और जल्दबाजी में उत्तर लिखने लगते है। प्रश्न पत्र देखने के बाद जो जो सूत्र याद आ रहा है उसे पीछे रफ पर लिख लें। कई बार बाद में भूल जाते हैं और बाद में अफसोस होता है कि कि मुझे यह सूत्र याद था, लेकिन बाद में मैं भूल गया। स्टेप मार्किंग पद्धति होने के कारण किसी भी प्रश्न का हल अकारण नहीं छोड़े, क्योंकि सही सूत्र लिखने पर कुछ अंक तो मिलते ही हैं।