दिव्य महाराष्ट्र मंडल

सियान गुड़ी में जुटी 80 पार बुजुर्गों की टोली... सभी का बीपी शुगर नियंत्रित

रायपुर। दुर्गा महाविद्यालय के पूर्व प्राध्‍यापकों की टोली बुधवार को महाराष्‍ट्र मंडल के सियान गुड़ी में जुटी। सभी वरिष्ठ नागरिकों की नियमित स्‍वास्‍थ्‍य जांच की गई, तो पता चला कि दुर्गा कॉलेज का समूचा शिक्षकवृंद सेहतमंद है, खुशहाल और मजे में भी। सहज जिज्ञासा में पूछ गए सवालों पर सभी का एक ही जवाब था कि हम दिनभर अपने आपको सक्रिय रखते हैं, लोगों से... खासकर अपने हमउम्र और कॉलेज के दिनों के साथी- सहयोगियों से मेलजोल बनाकर रखते हैं। यही उनकी सेहत का राज है।

समता कॉलोनी स्थित दिव्‍यांग बालिका विकास गृह सह सियान गुड़ी में पहुंचे सभी पूर्व प्राध्‍यापकों की महाराष्‍ट्र मंडल की फिजियोथैरेपिस्‍ट डॉ. अंकिता काले ने ब्लड प्रेशर की जांच की। साथ ही उनकी दिनचर्या का विवरण भी जाना। इस मौके पर योग विशेषज्ञ दिव्‍या पात्रीकर ने अपने पति‍ दीपक पात्रीकर का उदाहरण देते बताया कि चार- चार ऑपरेशन होने व स्‍टेन लगाने के बाद भी वे सही सलामत हैं और सक्रिय भी, तो इसकी वजह है उनका नियमित रूप से योग करना।

दिव्‍या ने कहा कि योग के आसन आपको दिनभर के लिए ऊर्जावान बनाते हैं और आप तरोताजा महसूस करते हैं। शरीर में ऑक्‍सीजन की मात्रा भरपूर होती है और योग के हर तरह के आसन से हम बीमारियों को अपने आप से दूर रख पाते हैं। साथ ही कई बुजुर्गों ने योग के महत्‍व को जीवन में स्‍वीकार किया है। 

प्रो. चौरसिया ने दो पहिया वाहन चेतक स्‍कूटरसे पूरे भारत भ्रमण के कई रोचक किस्‍से सुनाए। उन्‍होंने कहा कि यदि अपने लक्ष्‍य को हासिल करने की जिद हो, तो हर मुश्‍किल अपने प्रयासों से आसान हो जाती है। ज्‍यादातर प्रोफेसर्स ने दुर्गा कॉलेज के दिनों को याद करते हुए कहा कि बच्‍चों को पढ़ाने की वो जिद और उनकी ओर से मिलने वाला सम्‍मान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उस कालखंड के प्राचार्य प्रो. रणवीर सिंह शास्‍त्री का तेजतर्रार व्‍यक्तित्‍व और उनका सख्‍त अनुशासन आज भी हमें प्रेरित करता है।

सियान गुड़ी पहुंचने वालों में प्रो. बीके चौरसिया, प्रो. श्रीराम धुप्‍पड़, प्रो. शंभुदयाल भारतीय, प्रो. आभा रॉय, प्रो. वीएस वर्मा, डॉ. आशा सारस्‍वत, डॉ. ओंकार बिसेन, डॉ. ओपी सोनी, डॉ. जेएस उरकुरकर, प्रो. बीके चंसोरिया, दीपक पात्रीकर, प्रो. अनिल श्रीराम कालेले, कैलाश अग्रवाल, केके अग्रवाल, लखनलाल साहू सहित अनेक वरिष्‍ठ नागरिक शामिल रहे।