दिव्य महाराष्ट्र मंडल

खट्टी मीठों यादों के साथ टीचर के प्यार और डांट को सहेजा 12वीं के बच्चों ने

- संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में 12वीं के बच्चों का फूलों की वर्षा के साथ स्वागत

- 12वीं बोर्ड में सफलता की शुभकामनाओं के साथ आशीर्वाद समारोह का आयोजन

रायपुर। जिस स्कूल में इतने साल पढ़े हो वहां बहुत सारी खट्टी मीठी यादें बन ही जाती है। बोर्ड परीक्षा में पिछले कई वर्षों से प्रावीण्य सूची में अपना स्थान सुनिश्चित करने वाले संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में 12वीं के बच्चों के लिए आशीर्वाद समारोह का आयोजन किया गया। उन्हें उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गई। वहीं अपनी खट्टी मीठी यादों के साथ बच्चे अपने टीचर्स के प्यार और डांट को सहेजते नजर आए।

महाराष्ट्र मंडल द्वारा संचालित संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में 12वीं के छात्रों का आशीर्वाद समारोह का आयोजन शनिवार 14 फरवरी को किया गया। कक्षा 12वीं के छात्र व छात्राएं पारंपरिक परिधान में विद्यालय प्रांगण में पहुंचे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय प्रभारी परितोष डोनगांवकर रहे तथा  कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य मनीष गोवर्धन ने की।

बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामना देते हुए विद्यालय प्रभारी परितोष डोनगांवकर ने कहा कि सफलता का सबसे बड़ा आधार मेहनत होती है। अभी आप सभी की 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं होगी। इसमें सफलता का परचम लहराने के लिए कड़ी मेहनत आवश्यक है। मेहनत का फल सिर्फ परीक्षा में नहीं बल्कि जीवन के हर पल में आपको मिलेगा। 12वीं के बाद आप लोगों के सामने आगे की पढ़ाई चुनने का बड़ा मौका मिलेगा। यह वह पल होगा जहां से आप अपने भविष्य के निर्माण की नींव रखेंगे। इसलिए यह आवश्यक है, काफी सोच समझकर और सही मार्गदर्शन के साथ कदम आगे बढ़ाए।

प्राचार्य मनीष गोवर्धन ने विगत वर्ष विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन का स्मरण किया। विद्यालय प्रभारी के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। विद्यालय के उप्राचार्य राहुल वोड़ितेलवार ने बच्चों को उनकी  छोटी-छोटी  शरारत याद दिलाते हुए माहौल को हल्का किया तथा बेहतर भविष्य की शुभकामना दी। विद्यालय की हेड गर्ल श्रद्धा ईश्वर ने विद्यालय का प्राचार्य तथा सभी शिक्षकों का धन्यवाद दिया और आगे भी सहयोग की आकांक्षा की। 

इससे पूर्व कार्यक्रम में पहुंचे 12वीं के विद्यार्थियों का तिलक व फूलों की वर्षा करके शिक्षकों द्वारा स्वागत किया गया। तत्पश्चात विद्यालय प्रभारी द्वारा द्वीप प्रज्वलन करके मां सरस्वती की पूजा की गई। प्राचार्य ने मुख्य अतिथि का सूतमाला के द्वारा स्वागत किया। प्राइमरी सेक्शन की शिक्षिकाओं के द्वारा स्वागत व शुभकामना गीत प्रस्तुत किया गया।  कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका आराधना लाल ने किया। उन्होंने एक स्वरचित कविता प्रस्तुत की।  शिक्षिका चित्रा जाऊलेकर,  तृप्ति अग्निहोत्री, सुनिधि रोकड़े, अपर्णा आठले, सरिता पांडे आदि शिक्षकों ने कार्यक्रम में अपनी उपस्थित दी।