महाराष्ट्र मंडल में 19 मार्च की शाम गुड़ी पड़वा उत्सव... हेडगेवार की जयंती पर होगा विशेष संबोधन
2026-03-18 08:54 PM
268
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल में गुरुवार, 19 मार्च को शाम 6:30 बजे हिंदू नववर्ष व मराठी समाज का गुड़ी पड़वा उत्सव मनाया जाएगा। इस मौके पर मंडल के लॉन एरिया में हिेंदू स्वाभिमान की पहचान भगवा ध्वज फहराया जाएगा। साथ ही ध्वज के पास मराठी परंपरा के अनुसार गुड़ी उभारी जाएगी। मंडल के सचिव आचार्य चेतन दंडवते ने कहा कि पंचांग और काल निर्णय के अनुसार 18 मार्च को चैत्र शुद्ध प्रतिपदा क्षय होने के कारण अमावस्या समाप्ति के बाद सुबह 7:13 मिनट पर गुड़ी उभारनी होगी। उसके बाद ही घर की पूजा संभव हो पाएगी।
आध्यात्मिक समिति की समन्वयक आस्था काले के अनुसार गुड़ी पड़वा पर घर के मुख्य द्वार या दाईं ओर (पूर्व/उत्तर दिशा) में बांस की छड़ी पर पीला/लाल रेशमी कपड़ा, नीम- आम के पत्ते, फूलों की माला और तांबे का उल्टा कलश लगाकर गुड़ी (विजय पताका) उभारें। हल्दी- कुमकुम से उसकी पूजा कर प्रसाद चढाएं। इससे पहले सुबह स्नान के बाद घर के द्वार पर रंगोली बनाएं और तोरण लगाएं। गुड़ी स्थापना का कार्य मुख्य रूप से सुबह के समय (सूर्योदय के बाद) करना शुभ माना जाता है। यह नई शुरुआत, समृद्धि और विजय का प्रतीक है।
अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने बताया कि मंडल में शाम 6:30 बजे गुड़ी उभारकर हिंदू नववर्ष, गुड़ी पड़वा का पर्व मनाया जाएगा। इस मौके पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के संस्थापक डॉ. केशवराम बलिराम हेडगेवार की जयंती भी मनाई जाएगी। ‘हिंदू नववर्ष गुड़ी पड़वा का महत्व’ और ‘डॉ. हेडगेवार भारतीय समाज में आज भी प्रासंगिक’ पर विषय विशेषज्ञ आयोजित सभा को संबोधित करेंगे। काले ने इस मौके पर मंडल की कार्यकारिणी, पदाधिकारियों सहित सभासदों से उपस्थिति का आग्रह किया है।