शिवाजी महाराज को आत्मसात किया था डॉ. हेडगेवार ने: अंशुमान
2026-03-19 09:42 PM
936
0 महाराष्ट्र मंडल में हिंदू नववर्ष के साथ मनाई गई डॉ. हेडगेवार जयंती, शिवाजी महाराज की भी हुई महाआरती
रायपुर। शिवाजी महाराज के पिता, शाहजी भोसले, बीजापुर के सुल्तान मो. आदिल शाह के एक प्रमुख सेनापति थे। जब वे छोटे थे, तो अपने पिता के साथ आदिल शाह के दरबार पहुंचे और वहां उन्होंने सुल्तान के सामने सिर झुकाने से इंकार कर दिया था। ठीक उसी तरह राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के संस्थापक सरसंघ चालक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार जब स्कूल में पढ़ रहे थे, तो उस समय उनके स्कूल में एक अंग्रेज अफसर आया था। जिसका स्वागत उन्होंने बगावती तेवर के साथ वंदे मारतम से किया। इसके एवज में बतौर सजा, उन्हें स्कूल से निकाल दिया गया था। ऐसे कई प्रसंग शिवाजी महाराज और डॉ. हेडगेवार के मिलते- जुलते हैं। महाराष्ट्र मंडल में गुरुवार देर शाम को आयोजित हिंदू नववर्ष- गुड़ी पड़वा उत्सव के साथ छत्रपति शिवाजी महाराज की महाआरती के अवसर पर इस आशय के विचार मुख्य वक्ता अंशुमान गनोदवाले ने व्यक्त किए।

चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को हिंदू नववर्ष और केशव बलिराम हेडगेवार की जयंती महाराष्ट्र मंडल में सादगी से मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत शिवाजी महाराज की मासिक आरती के साथ की गई। इस मौके पर अंशुमन गनोदवाले ने कहा कि डाॅ. हेडगेवार ने शिवाजी महाराज को आत्मसात किया था। आरएसएस में सालभर में छह प्रमुख उत्सव मनाए जाते हैं। उनमें हिंदू नववर्ष, शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक दिवस, गुरु पूर्णिमा (गुरु पूजन), रक्षाबंधन, विजया दशमी और मकर संक्राति शामिल हैं। इन छह उत्सवों में शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक दिवस को शामिल करना इस बात को स्पष्ट करता है कि डॉ. हेडगेवार पहले से ही जानते थे कि छत्रपति शिवाजी महाराज हर कालखंड में हर पीढ़ी के लिए प्रेरणास्पद बने रहेंगे और हमारे समाज के लिए प्रासंगिक भी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मंडल अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने कहा कि आरएसएस के संस्थापक सरसंघ चालक डॉ. हेडगेवार 26 मार्च 1939 को महाराष्ट्र मंडल की पांचवीं वर्षगांठ पर आए थे। तात्यापारा चौक स्थित डबरी में आयोजित मंडल की सभा में करीब 500 लोगों की उपस्थिति में उन्होंने कहा था कि महाराष्ट्र मंडल को हर समाज के लिए अपने सेवाभावी काम करना चाहिए। यहां पूरी तरह रचना - बसना चाहिए। मंडल उनके ब्रह्म वाक्य के आधार पर आज भी सर्वसमाज के लिए काम कर रहा है। कार्यक्रम का संचालन सचिव चेतन गोविंद दंडवते ने किया।
इस मौके पर भाजपा की मीडिया प्रभारी शताब्दी पांडे, बृहन्महाराष्ट्र मंडल के छत्तीसगढ़ प्रभारी सुबोध टोले, मंडल के मुख्य समन्वयक श्याम सुंदर खंगन, संत ज्ञानेश्वर स्कूल के प्रभारी परितोष डोनगांवकर, सखी निवास प्रभारी नमिता शेष, फिजियोथैरेपी सेंटर प्रभारी आस्था काले, युवा समिति की प्रभारी डॉ. शुचिता देशमुख, पर्यावरण समिति के समन्वयक अभय भागवतकर, प्रभारी वैभव बर्वे, देह- नेत्र दान समिति प्रभारी विक्रांत हिशीकर, पराग दलाल, वरिष्ठ सभासद अनिल श्रीराम कालेले, डॉ. कमल वर्मा, शुभम पुराणिक, गौरी क्षीरसागर, नवीन देशमुख, अंकिता किरवई, साक्षी टोले, शुभांगी आप्टे, संजय आप्टे, प्रशांत देशपांडे, प्रवीण क्षीरसागर, समीक्षा टोले, आकांक्षा गद्रे, ओपी कटारिया सहित त अनेक सभासद शामिल रहे।