मंडल के महिला केंद्रों में राम रक्षा स्त्रोत- हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ आज
2026-03-21 11:19 AM
127
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के सभी 17 महिला केंद्रों में शनिवार, 21 मार्च को शाम 7:00 बजे राम रक्षा स्त्रोत और हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा। आध्यात्मिक समिति की ओर से प्रति शनिवार सामूहिक पाठ का अभियान 6 जनवरी 2024 से शुरू किया गया था।
आध्यात्मिक समिति की समन्वयक आस्था काले ने बताया कि महाराष्ट्र मंडल के समस्त 17 महिला केंद्र रायपुर शहर के विभिन्न हिस्सों में हैं। इन्हीं केंद्रों में प्रति शनिवार शाम 7:00 बजे अपने किसी सभासद के घर अथवा समीपस्थ मंदिर में सभी महिलाएं व श्रद्धालु राम रक्षा स्त्रोत और हनुमान चालीसा का एक साथ मिलकर पाठ करते हैं। इस मौके पर महाराष्ट्र मंडल के भावी कार्यक्रमों, अभियानों और गतिविधियों पर चर्चा भी की जाती है।
आध्यात्मिक समिति की प्रमुख सृष्टि दंडवते ने बताया कि 21 मार्च को सामूहिक पाठ इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि इस मौके पर सभी केंद्रों में 28 मार्च से महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर सभागृह में शुरू होने वाले पांच दिवसीय वाल्मीकि रामायण पर आधारित राम कथा को लेकर चर्चा की जाएगी। पुणे के सुप्रसिद्ध कथावाचक आचार्य रामनाथ रामचंद्र अय्यर रामकथा का वाचन करेंगे। राम कथा में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने व आमंत्रित करने की कार्ययोजना सुनिश्चित की जाएगी।इधर मंडल अध्यक्ष अजय मधुकर काले के आग्रह पर विभिन्न समितियों में भी प्रति शनिवार राम रक्षा स्तोत्र व हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ शुरू करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।