महाराष्ट्र मंडल में ग्रीष्मकालीन ऑनलाइन बाल संस्कार शिविर एक मई से
2026-04-08 01:45 PM
183
0-छत्तीसगढ़़ सहित अनेक राज्यों के बच्चों की बड़े पैमाने पर रहेगी भागीदारी, बच्चों की प्रतिभा को निखारने का अवसर
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल की आध्यात्मिक समिति की ओर से ग्रीष्मकालीन अवकाश पर बच्चों के लिए एक मई से ऑनलाइन बाल संस्कार शिविर शुरू होने जा रहा है। आयोजन के दूसरे वर्ष में इस बार रायपुर के अलावा छत्तीसगढ़ के तमाम शहरों- कस्बों सहित विभिन्न प्रदेशों के ऐसे बच्चे शामिल हो सकते हैं, जिनके अभिभावक उन्हें अच्छे संस्कार देने के इच्छुक हों।
आध्यात्मिक समिति की समन्वयक आस्था अभय काले ने बताया कि करीब 40 दिन चलने वाले शिविर में बच्चों को न केवल राम रक्षा स्त्रोत, हनुमान चालीसा, विष्णु सहस्त्र नाम, गीता का 12वां अध्याय सहित विविध मंत्रोच्चार सिखाएं व याद कराए जाएंगे बल्कि उनका अर्थ भी बताया जाएगा। इसके अलावा व्यायाम, योग, ड्राइंग, पेंटिंग, संगीत व इनडोर गेम्स, जिसमें भी बच्चे की रुचि हो, उसमें उसे प्रशिक्षण देकर पारंगत किया जाएगा। आस्था के अनुसार शिविर के ऑफलाइन समापन समारोह में बच्चों को वो सब मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा, जिसे ऑनलाइन शिविर के दौरान उन्होंने सीखा हो। शिविर में प्रत्येक सेगमेंट के लिए अलग- अलग प्रशिक्षक अथवा प्रशिक्षिकाएं होंगी।
समिति की प्रमुख सृष्टि दंडवते व आकांक्षा गद्रे ने जानकारी दी कि गत वर्ष ऑनलाइन शिविर के समापन समारोह में बच्चों ने वरिष्ठ रंगसाधक अपर्णा कालेले के निर्देशन में रामायण के प्रसंग पर बाल नाटिका की बेहतरीन प्रस्तुति दी थी। इसी तरह शिविर में शामिल होने वाले बच्चों को सनातन संस्कृति के अनुरूप जमीन पर पंगत लगाकर भोजन कराया गया था। इस बार भी हमारा प्रयास शिविर के समापन समारोह को गरिमामय बनाने का होगा।
सृष्टि ने बताया कि गत वर्ष ऑनलाइन शिविर में करीब 125 बच्चों की भागीदारी रही थी। इस साल हमारा प्रयास इस संख्या को 300 से ऊपर ले जाने का है। इसके लिए हमने अभी से बड़े पैमाने पर प्रचार- प्रयास शुरू कर दिया है। इसके साथ ही हम बृहन्महाराष्ट्र मंडल के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा महाराष्ट्र मंडलों के सभासदों के बच्चों को शिविर तक लाने का प्रयास करेंगे। आकांक्षा के मुताबिक महाराष्ट्र में ऑनलाइन बाल संस्कार शिविर में रायपुर के अलावा बिलासपुर, दुर्ग- भिलाई, रायगढ़, धमतरी, जगदलपुर सहित छत्तीसगढ के अनेक शहरों व महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों के बच्चे भी प्रतिभागी होंगे। छत्रपति शिवाजी महाराज सभागृह में होने वाले समापन समारोह में शिविरार्थी बच्चों के साथ प्रशिक्षक व प्रशिक्षिकाओं को भी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।