मैं अनिकेत हूं’ का आज रायगढ़, कल बिलासपुर में मंचन
2026-05-29 07:10 PM
31
0- शशि वरवंडकर निर्देशित महाराष्ट्र मंडल रायपुर के सुपरहिट हिंदी नाटक में पहचान के लिए संघर्षरत युवक की है रहस्यमयी कहानी
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के सुपरहिट हिंदी नाटक ‘मैं अनिकेत हूं’ एक बार फिर रायगढ़ और बिलासपुर में तहलका मचाने के लिए तैयार है। रोटरी क्लब रायगढ़ स्टील सिटी के माध्यम से यह सस्पेंस थ्रिलर ड्रामा जिंदल सभागृह पतरापाली रायगढ़ में 30 मई की शाम सात बजे मंचित किया जाएगा। वहीं जीआई हेल्थ फाउंडेशन ‘मैं अनिकेत हूं’ का मंचन 31 मार्च को शाम सात बजे सिम्स ऑडिटोरियम में कराने जा रहा है।दोनों शहरों में रंगप्रेमी दर्शकों को प्रवेश के लिए पास अथवा आमंत्रण पत्र अनिवार्य किए गए हैं।
यही कारण है कि 'मैं अनिकेत हूं’ को देखने के लिए रायगढ़ में पास और बिलासपुर में निमंत्रण पत्र को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है। विजया श्री हैरिटेज, संस्कार भारती और ऑल रोटरी क्लब ऑफ बिलासपुर के सह आयोजन में बिलासपुर में हो रहे नाटक ‘मैं अनिकेत हूं’ के रायपुर सहित छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश व ओडिशा में आठ मंचन हो चुके हैं।
महाराष्ट्र मंडल रायपुर के इस सुपरहिट नाटक में एक व्यक्ति के पहचान को लेकर किए जा रहे संघर्ष और अदालत में गवाहों की ओर से उसे नकारने के घटनाक्रम को दिलचस्प तरीके से दिखाया गया है। अनिकेत की केंद्रीय भूमिका में निर्देशक शशि वरवंडकर हैं। चेतन गोविंद दंडवते, दिलीप लांबे, प्रकाश खांडेकर, रंजन मोड़क, डॉ. अनुराधा दुबे, रविंद्र ठेंगड़ी, भारती पलसोदकर, विनोद राखुंडे, डॉ. प्रीता लाल, डॉ. अभया जोगलेकर, डॉ. शुचिता देशमुख, पंकज सराफ, श्याम सुंदर खंगन भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। नेपथ्य में लाइट, साउंड, मंच सज्जा की जिम्मेदारी अजय पोतदार, प्रवीण क्षीरसागर, प्रकाश गुरुव संभालेंगे।