देश-विदेश

उत्तराखंड में मौसम ने बदली करवट

देहरादून। उत्तराखंड में पड़ रही भीषण गर्मी से जल्द राहत मिलने के आसार दिखाई देने लगे हैं। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार आगामी घंटों में कई क्षेत्रों में तेज हवाएं, गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना बनी हुई है।

मौसम विभाग के मुताबिक अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी जनपदों के कुछ इलाकों में मौसम अचानक बदल सकता है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज सूखी हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है।

विशेष रूप से पुरोला रेंज, सैंड्रा रेंज, बरकोट, लाखा मंडल, चिन्यालीसौड़, मुखेम रेंज, प्रताप नगर, घनशाली, चौंथला, थलीसेन, चौबट्टाखाल, सोमेश्वर और गंगोलीहाट समेत आसपास के इलाकों में मौसम विभाग ने सतर्क रहने की सलाह दी है।

विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
मौसम में बदलाव के संकेत मिलने के बाद लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

 

----------