हाईटेक आंगनबाड़ी व प्ले स्कूल का उद्घाटन 20 जून को
रायपुर। नगर निगम रायपुर द्वारा वार्ड क्रमांक 21 शहीद भगत सिंह वार्ड टाटीबंध में निर्माण आधुनिक आंगनबाड़ी और प्ले स्कूल का विधिवत उद्घाटन शनिवार 20 जून को सुबह 10बजे किया जाएगा। 91 वर्षीय रायपुर की प्रतिष्ठित सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक संस्था महाराष्ट्र मंडल रायपुर द्वारा इसका संचालन किया जाना है। आंगनवाड़ी में बच्चों द्वारा पंजीयन करा लिया गया है।
महाराष्ट्र मंडल के सचिव चेतन दंडवते ने बताया कि टाटीबंध में नगर निगम रायपुर द्वारा निर्मित हाईटेक आगंनबाड़ी के संचालन का जिम्मा महाराष्ट्र मंडल को सौंपा गया है। शनिवार 20 जून को उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत होंगे। वहीं कार्यक्रम में रायपुर महापौर मीनल चौबे और शहीद भगत सिंह वार्ड पार्षद गायत्री सुनील चन्द्राकर विशेष रुप से उपस्थित रहेंगी।
दंडवते ने बताया कि उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियां कर ली गई है। 20 जून से मोहल्ले के बच्चों को वहां पढ़ना, खेलना, खाना आदि कार्य के साथ बच्चों में संस्कार रोपित करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। इसके लिए रुपरेखा तैयार की जा रही है।