दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्‍ट्र मंडल के बाल संस्‍कार केंद्र का शुभारंभ

 

0  वल्‍लभ नगर केंद्र की पहल पर संत ज्ञानेश्‍वर स्‍कूल में शुरू हुए संस्‍कार केंद्र का प्राचार्य गोवर्धन ने किया शुभारंभ
 
रायपुर। महाराष्‍ट्र मंडल के वल्लभ नगर केंद्र की ओर से शनिवार को बाल संस्कार केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया। प्रियदर्शिनी नगर स्थित संत ज्ञानेश्‍वर स्‍कूल में शुरू हुए केंद्र का शुभारंभ प्राचार्य मनीष गोवर्धन व उप प्राचार्य राहुल वोड़ितलवार ने मां सरस्‍वती की फोटो पर माल्‍यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। संस्‍कार केंद्र के पहले दिन ही बच्चों ने अपना परिचय देते हुए अपने भविष्‍य की योजना के बारे में भी बताया। 
महाराष्‍ट्र मंडल की महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले ने बताया कि रोचक सवाल-  जवाब के दौरान किसी बच्‍चे ने कहा कि वो डॉक्टर बनाना चाहता हैं, तो कोई पुलिस अफसर, वकील और इंजीनियर। छोटे- छोटे बच्चों की सोच और उनका लक्ष्‍य बहुत बड़ा था, जो सुनने में भी सभी को अच्‍छा लगा। हमारे साथ शोभा मोहता भी बाल संस्‍कार केंद्र की विशेषता की तरह साथ रहीं, जिन्होंने बस्तर में उन बच्चों को पढ़ाया, जिन्‍हें नक्‍सलियों के दहशतभरे वातावरण में बिल्‍कुल भी लिखना- पढ़ना नहीं आता था। 
वल्‍लभ नगर केंद्र की कांचन पुसदकर, प्रीति केसकर, अपर्णा देशमुख, प्राजक्ता पुसदकर सहित कई महिला सभासद भी इस अवसर पर मौजूद रहीं। सभी ने नौनिहालों को बेहतर संस्‍कार देने का संकल्‍प एक बार फिर दोहराया। बच्चों की रुचि केंद्र में बनी रहे, इसके लिए उन्‍हें खेल खिलाकर पुरस्‍कृत किया गया। उन्‍हें टॉफी देकर लगातार संस्‍कार केंद्र में आने के लिए लुभाया भी गया।