दिव्य महाराष्ट्र मंडल

दिव्‍यांग बालिका विकास गृह के अतिरिक्‍त कमरों का विधायक मूणत ने किया भूमिपूजन

- 95 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी

- महाराष्ट्र मंडल ने विधायक को सौंपा अभिनंदन पत्र

रायपुर। महाराष्‍ट्र मंडल के दिव्‍यांग बालिका विकास गृह में 20 लाख रुपये की विधायक निधि से बनने वाले अतिरिक्‍त कमरों का शिलान्‍यास 8 अगस्त को रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत ने किया। इस अवसर पर वार्ड-37 में 95 लाख रुपये की लागत से होने वाले अन्य विकास कार्यों का भी भूमिपूजन संपन्न हुआ। भूमिपूजन कार्यक्रम में महापौर मीनल चौबे, निगम सभापति सूर्यकांत राठौर, पीडब्‍ल्‍यूडी प्रभारी दीपक जायसवाल, एमआईसी सदस्‍य भोलाराम साहू, पार्षद आनंद अग्रवाल और महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले उपस्थित थे। अतिथियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को प्रमाण पत्र और उज्‍जवला योजना के आवेदनकर्ताओं को गैस कनेक्‍शन दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक राजेश मूणत ने कहा कि हम आज यहां अच्छी सोच को मूर्त रूप देने के लिए एकत्रित हुए है। उन्होंने कहा कि अगर आपमें कुछ अच्छा करने की इच्छा शक्ति होती हो परेशानी अपने आप ही दूर जाएगी। और अगर इच्छा शक्ति नहीं हैं तो इसका कोई समाधान ही नहीं है। विधायक मूणत ने कहा कि घर का आंगन अच्छा होना चाहिए। मैंने अपने विधायक रहते अपने विधानसभा और पूर्व में मंत्री रहते हुए पूरे प्रदेश को अपने घर का आंगन माना। इसलिए मूलभुत विकास कार्यों पर कार्य किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर मीनल चौबे ने कहा कि जनता की सेवा ही जनप्रतिनिधियों का काम है। हम शासन से पैसा लाने का काम करते है, इसे किस कार्य में लगाना है कि यह भी जनता द्वारा तय होता है। आज 95 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास आज हो रहा है। इसके लिए मैं वार्ड पार्षदों के साथ जनता को बधाई देती हूं।

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने कहा आज से सात माह पूर्व 31 दिसंबर 2025 को विधायक महोदय ने सियान गुड़ी का शुभारंभ किया था। तब उन्होंने कहा था कि दिव्यांग बच्चियों की सेवा हो रही है, अब बुजुर्गों की सेवा होगी। इनके लिए कुछ करना होगा तो मुझे बताना। फिर उन्होंने दिव्यांग बच्चियों के लिए 20 लाख रुपये देने की सहमति दी और सात माह बाद अतिरिक्त कक्ष निर्माण का भूमिपूजन हो गया। महाराष्ट्र मंडल ने विधायक राजेश मूणत को एक अभिनंदन पत्र सौंपा। कार्यक्रम को  सूर्यकांत राठौर, सभापति, नगर निगम, दीपक जायसवाल, पीडब्ल्‍यूडी प्रभारी, एमआईसी, निगम ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन महाराष्ट्र मंडल के सचिव चेतन दंडवते ने किया।