हाईटेक आंगनबाड़ी में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस... नौनिहालों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुति
रायपुर। टाटीबंध में रायपुर नगर निगम द्वारा निर्मित महतारी सदन में महाराष्ट्र मंडल द्वारा संचालित हाईटेक आंगनबाड़ी में शनिवार 15 अगस्त को उत्साह के साथ मंडल सचिव चेतन दंडवते ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के पश्चात पूरा परिसर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से गूंज उठा।
ध्वजारोहण के उपरांत सचिव दंडवते ने भारतमाता के छायाचित्र पर माल्यार्पण किया। उपस्थित अभिभावकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए दंडवते ने कहा कि हाईटेक आंगनबाड़ी छोटे बच्चों को उच्च स्तरीय शिक्षा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विधायक राजेश मूणत के मंशा के अनुरुप शुरु किया गया। आज यहां 50 बच्चें आ रहे है। दंडवते ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्र निर्माण में युवा पीढ़ी की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने बच्चों को संस्कारवान, अनुशासित एवं राष्ट्रभक्त नागरिक बनने का संदेश दिया।
संस्था की प्रभारी सुचिता देशमुख ने बताया कि यह आधुनिक आंगनबाड़ी का पहला स्वतंत्रता दिवस उत्सव है। शिक्षिका मेघा पोतदार द्वारा बच्चों को मनमोहक नृत्य का अभ्यास कराया गया था। बच्चों में देश प्रेम और राष्ट्रभक्ति जगाने के लिए छोटी-छोटी प्रस्तुतियां तैयार कराई गई थी।
इस अवसर पर मंडल के कार्यकारिणी सदस्य परितोष डोनगांवकर, सह-सचिव अजय पोतदार, आंगनबाड़ी प्रभारी डॉ. शुचिता देशमुख, मंडल के छत्रपति शिवाजी महाराज कार्यक्रम समिति के प्रमुख गणेशा जाधव, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थानीय पदाधिकारी धर्मवीर सिंह, विभूति भूषण पांडे, आशुतोष दुबे, जितेंद्र शर्मा, संतोष गुप्ता एवं धीरेन्द्र मिश्रा सहित अन्य स्वयंसेवक एवं पदाधिकारी, आंगनबाड़ी की शिक्षिकाएं भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शुचिता देशमुख और आभार प्रदर्शन सह-सचिव अजय पोतदार ने किया।