दिव्य महाराष्ट्र मंडल

‘मैं भी स्वदेशी समर्थक’ अभियान को राजधानी में मिल रहा व्यापक समर्थन

रायपुर। पूरे देश सहित राजधानी रायपुर में चल रहे मैं भी स्वदेशी समर्थक अभियान को राजधानी में मिल रहा व्यापक समर्थन मिल रहा है। यह 1 से 20 अगस्त तक चलने वाला राष्ट्रव्यापी डिजिटल जन-जागरूकता अभियान है, जिसका उद्देश्य लोगों को भारतीय उत्पादों, स्थानीय व्यवसायों, कारीगरों और उद्यमिता को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित करना है।

स्वदेशी जागरण मंच की डॉ मंजिरी बक्षी ने बताया कि स्वदेशी केवल वस्तु नहीं, एक विचार है। स्वदेशी केवल खरीदारी नहीं, देश के भविष्य में भागीदारी है। मैं भी स्वदेशी समर्थक अभियान का उद्देश्य है कि हम अपने दैनिक जीवन में भारतीय उत्पादों, स्थानीय दुकानदारों, कारीगरों, किसानों, बुनकरों और भारतीय उद्यमियों को प्राथमिकता दें।

महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने इस अभियान में सहभागिता दिखाई और मंडल के सदस्यों को इस अभियान से जुड़ने का आग्रह किया। काले ने कहा कि स्वदेशी का अर्थ दुनिया से कटना नहीं, बल्कि अपनी क्षमता को मजबूत करके दुनिया के सामने आत्मविश्वास से खड़ा होना है।

डॉ मंजिरी बक्षी ने कहा कि जब हम एक भारतीय उत्पाद खरीदते हैं, तो हमारी छोटी-सी खरीदारी भी किसी कारीगर के घर की आय, किसी युवा के रोजगार, किसी छोटे व्यवसाय की प्रगति और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती दे सकती है। स्वदेशी को बढ़ावा देने से स्थानीय रोजगार को प्रोत्साहन मिलता है। छोटे और कुटीर उद्योग मजबूत होते हैं। भारतीय उद्यमिता को बढ़ावा मिलता है। आत्मनिर्भरता की भावना मजबूत होती है। देश का आर्थिक आधार सशक्त होता है।