दिव्य महाराष्ट्र मंडल

सियान गुड़ी में हुआ जनमीत मित्र मंडल के वरिष्ठ नागरिकों का मिलन समारोह

रायपुर। जनमित मित्र मंडल के तत्वावधान में वरिष्ठ नागरिकों का मिलन समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समता कॉलोनी में महाराष्‍ट्र मंडल की ओर से संचालित और समाज कल्याण विभाग द्वारा अनुदानित 'सियान गुड़ी' में यह जोशीला समारोह कई मायनों में मनोरंजक होने के साथ काफी सार्थक और प्रेरक भी रहा।

सियान गुड़ी में आयोजित किए गए जनमित मित्र मंडल के आयोजन के संदर्भ में भालचंद पलसोदकर ने बताया कि कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों ने विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों के साथ गीत- गायन का जमकर आनंद लिया। आनंदोत्सव के साथ ही समारोह में बढ़ती उम्र के साथ आने वाली स्वास्थ्य समस्याओं और वर्तमान परिवेश में पारिवारिक रिश्तों में आ रहे तनाव जैसे गंभीर विषयों पर सारगर्भित चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्‍मति से निर्णय लिया कि इन समस्याओं पर उचित मार्गदर्शन के लिए विशेषज्ञों की मौजूदगी में शीघ्र ही एक विशेष मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

इस अवसर पर महाराष्‍ट्र मंडल की सह सचिव मालती मिश्रा, सियान गुड़ी के प्रभारी प्रवीण क्षीरसागर, छत्तीसगढ़ शासन के विभिन्न विभागों से सेवानिवृत कई वरिष्ठ अभियंता रविकांत जायसवाल, शरद कक्कड़, बीपी पलसोदकर, गजानंद हेड़ाऊ, एके प्रसाद, डीपी बाहेश्वर, केआर साहू, सुधीर लेकुरवाले, राजेंद्र रजक, गोविंद मंशारामनी, मधु बोरकर, आरएल गौतम सहित यहां नियमित आने वाले अनेक वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। सभी इंजीनियर्स ने अगले विशेष मार्गदर्शन कार्यक्रम के लिए दोबारा सियान गुड़ी में जुटने की मंशा जताई।