दिव्य महाराष्ट्र मंडल

सावन की छटा और रिश्तों की मिठास.... कड़ू भात कार्यक्रम में बिखरे उल्लास के रंग

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के चौबे कालोनी महिला केंद्र द्वारा महाराष्ट्र मंडल भवन में ‘कड़ू भात’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सावन और तीज के पूर्व यह कार्यक्रम सभी महिलाओं के लिए आनंदमयी और यादगार रहा।

केंद्र की संयोजिका अक्षता पंडित ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत एक बेहद नवीन और खूबसूरत अंदाज में हुई। जैसे ही सदस्यों का आगमन हुआ, गुलाब की पंखुड़ियों से भरे गुब्बारों को उनके ऊपर फोड़ा गया, जिससे पंखुड़ियों की वर्षा के बीच सभी का मुस्कुराता हुआ स्वागत हुआ। पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार सभी को हल्दी-कुमकुम लगाया गया तथा स्मृति चिह्न के रूप में मेहंदी का कोन और बिंदी का पैकेट भेंट किया गया।

सजावट का मुख्य आकर्षण सावन माह में आने वाले प्रमुख त्योहारों की जीवंत झांकी रही। इस सुंदर और कलात्मक सजावट को पल्लवी मुकादम, मनीषा वरवंडकर, प्राची डोनगांवकर, रंजना काठोटे,  अक्षता पंडित, अनुपमा बोधनकर और गौरी क्षीरसागर ने मिलकर साकार किया। कार्यक्रम में धार्मिक और पौराणिक रंग तब घुल गया जब दीपाली, संध्या पांडे, धनश्री पेंडसे, मनीषा वरवंडकर, प्राची डोनगांवकर, संगीता निमोणकर और अनुपमा बोधनकर श्री राधा, कृष्ण और माता पार्वती के सुंदर रूप में सज-धज कर पहुंचीं।

गौरी क्षीरसागर और प्राची डोनगांवकर ने  ‘तीज विशेष’ मनोरंजक खेल करवाए। इनमें से एक सिक्कों पर आधारित रोमांचक गेम था, तो दूसरा म्यूजिक और डांस गेम रहा। प्रतियोगियों के शानदार प्रदर्शन के बीच अवंती अग्निहोत्री और वर्षा चौधरी ने गौरी मोकाजदार ने बाजी मारते हुए विजेताओं का खिताब अपने नाम किया।

हरित श्रृंगार में सजी-धजी महिलाओं के बीच सावन की सुंदरता का प्रतिनिधित्व करने के लिए अंजलि को ‘सावन क्वीन’ चुना गया। इसके साथ ही, सौ. मनीषा वरवणकर को महिला सह-प्रमुख के पद पर मनोनीत होने पर सभी सदस्यों द्वारा भावुक और गरिमापूर्ण माहौल में सम्मानित किया गया। केंद्र की नई सदस्य पल्लवी जोशी का स्वागत किया गया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में सभी सदस्यों ने मिलकर लजीज और स्वादिष्ट 'कड़ू भात' के भोजन का आनंद लिया। अपनों के साथ, हंसी-ठहाकों और मीठी यादों के संग यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।