दिव्य महाराष्ट्र मंडल

विश्व पर्यावरण दिवस पर... महाराष्ट्र मंडल ने सभी प्रकल्प में किया वृक्षारोपण... दिया प्रकृति को संवारने का संदेश

सोमवार 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया। देशभर में पर्यावरण को संरक्षित करने की दिशा में पौधरोपण कर संदेश दिया गया। राजधानी रायपुर के चौबे कॉलोनी स्थित महाराष्ट्र मंडल ने भी इस पुनीत कार्य में सराहनीय कार्य किया। महाराष्ट्र मंडल द्वारा संचालित सभी प्रकल्प में सोमवार को पौधरोपण कर पर्यावरण को संरक्षित करने और संवारने का संदेश दिया गया। 

सर्वप्रथम विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर महाराष्ट्र मण्डल की पर्यावरण समिति ने संत ज्ञानेश्वर इंग्लिश मीडियम स्कूल और वनवासी विकास परिषद के प्रांगण में पौधरोपण कर इस सत्र के कार्य प्रारंभ किए। शाला प्रांगण में नई क्यारी बनाई गईं। इसमें पारिजात और बेल के पौधे रोपे गए। इसके अलावा प्रांगण में ही शमी का पौधा भी लगाया गया। पर्यावरण समिति प्रभारी गीता दलाल और प्रमुख अभय भागवतकर के साथ शाला क़े प्राचार्य मनीष गोवर्धन ने बताया कि स्कूल के प्रांगण को हरियाली युक्त करने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा। साथ ही छायादार और फूलदार पौधे भी स्थान के अनुसार रोपे जाएंगे।
 

इसके पश्चात शाम 4:30 बंजे दिव्यांग बालिका विकास गृह के परिसर में कचनार का पौधा रोपा गया। जहां पर महाराष्ट्र मंडल की महिलाओं ने अपनी सहभागिता प्रदर्शित की और पर्यावरण को संवारने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया। इसके ठीक बाद शाम 5:30 बजे महाराष्ट्र मण्डल के भवन के सामने पार्किंग एरिया में नीम का पौधा रोपा गया।
 
 

पर्यावरण दिवस के इस मौके पर मंडल के अध्यक्ष अजय काले ने कहा कि पर्यावरण को संरक्षित करने के लिए किसी एक दिन की बाध्यता नहीं है। किसी कार्य के लिए दिन का निर्धारण इसलिए किया जाता है, ताकि हम एकजुटता के साथ उस कार्य को कर सकें। उन्होंने कहा कि हर घर में बच्चों का जन्मदिन मनाया जाता है, माता—पिता की वैवाहिक वर्षगांठ मनाई जाती है, हम चाहे तो उन विशेष अवसरों पर भी पौधरोपण के जरिए उस दिन को और भी खास बना सकते हैं और पर्यावरण के प्रति अपना समर्पण भी व्यक्त कर सकते हैं।