दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्ट्र मंडल ने सत्यनारायण शर्मा के साथ किया पौधारोपण, मंडल के कैलेंडर में अपनी तस्वीर देखकर चौंके विधायक शर्मा

रायपुर। नगर पालिक निगम के द्वारा सघन वृक्षारोपण अभियान के तहत महाराष्ट्र मंडल की पर्यावरण समिति ने रविवार को रायपुर ग्रामीण के विधायक सत्यनारायण शर्मा के साथ मिलकर पचपेड़ी नाका से देवपुरी डिवाइडर के बीच बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया। इस मौके पर शर्मा को महाराष्ट्र मंडल के कार्यक्रमों और कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई और मंडल का कैलेंडर सौंपा गया।

पर्यावरण समिति के प्रभारी अभय भागवतकर ने इस आशय की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पौधारोपण के दौरान सत्यनारायण शर्मा पर्यावरण समिति की ओर से शहर के विभिन्न हिस्सों में किए जाने वाले पौधारोपण में भी शामिल होने और हर तरह की मदद करने की इच्छा जताई। रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर पौधारोपण करने का आग्रह करते हुए उन्होंने हर तरह की तैयारी का भरोसा भी दिया। 

समिति के प्रभारी भागवतकर, सह प्रभारी वैभव बर्वे ने महाराष्ट्र मंडल की अन्य समितियों और प्रकल्पों के कार्यों की जानकारी भी विधायक शर्मा को दी। सत्यनारायण शर्मा महाराष्ट्र मंडल के 2023 के कैलेंडर में स्वयं का पौधारोपण करते हुए फोटो देखकर चौंक गए। उन्होंने कैलेंडर की न केवल प्रशंसा की, बल्कि अन्य प्रत्याशी अपने समर्थकों के बीच वितरित करवाया। इस मौके पर पर्यावरण समिति के अनेक सदस्य भी उपस्थित रहे।