महाराष्ट्र मंडल के प्रयासों को मिल रही जमकर सराहना... लोगों ने कहा, अद्भूत था अंताक्षरी का आयोजन
2023-07-24 11:03 AM
643
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल में 23 जुलाई को सर्व समाज अंताक्षरी प्रतियोगिता का आयोजन किया था। जिसके प्रायोजक सन एंड सन ज्वेलर्स थे। राजधानी के इन दोनों प्रतिष्ठित संस्थान के द्वारा प्रायोजित इस आयोजन की शहर में जमकर तारीफ हो रही है। महाराष्ट्र मंडल के नवनिर्मित भवन के विशाल हाल में आयोजित इस अंताक्षरी प्रतियोगिता के प्रथम विजेता यादव समाज रहे।
इस अंताक्षरी प्रतियोगिता में कुल 30 प्रतिभागी टीमों ने हिस्सा लिया था, जिसमें लगभग सभी समाज के लोगों का प्रतिनिधित्व देखने को मिला। बीते 15 दिनों तक अंताक्षरी प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां की गई, जिसके बाद 23 जुलाई को इसे सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।
सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह थी कि इस अंताक्षरी प्रतियोगिता में मनोरंजन के लिए अधिकांश लोग प्रतियोगिता शुरु होने से लेकर अंत तक अपनी जगह पर जमे रहे। बहुत ही कम लोग ऐसे थे, जो कार्यक्रम को बीच में छोड़कर गए, वह भी अति आवश्यक निजी कार्यों की वजह से। तो बड़ी संख्या में ऐसे लोग भी थे, जिनका मन तो महाराष्ट्र मंडल में अटका था, भले ही उन्हें कहीं और जाना पड़ा, लेकिन पूरी तरह समापन से पहले नहीं जा पाए।
इस बीच इस अंताक्षरी प्रतियोगिता को लेकर दिव्य महाराष्ट्र मंडल ने लोगों की राय जानने की कोशिश की, जिस पर हर किसी की प्रतिक्रिया में एक बात जो कॉमन नजर आई, कि ऐसा अद्भूत आयोजन केवल टीवी शो के माध्यम से ही देखने को मिलता था, वह भी अब नहीं मिल पाता है।
कार्यक्रम देखने आई डॉ. मनीला दुबे ने कहा कि एक दौर था, जब टीवी पर रंगोली और अंताक्षरी देखने के लिए इंतजार रहता था, लेकिन आज के दौर में दर्शकों को बांध सके, ऐसे शो अब देखने में नहीं आते। ऐसे में महाराष्ट्र मंडल का यह आयोजन बहुत ही दिलचस्प है और मैं चाहूंगी कि इस तरह के आयोजन होते रहे। स्वस्थ मनोरंजन का यह सबसे बढ़िया जरिया है।
सुषमा अभय कुमार ने भी इस अंताक्षरी प्रतियोगिता का पूरा आनंद लिया। उनका कहना है कि आज के दौर में मोबाइल, सोशल मीडिया और इंटरनेट ही लोगों के लिए मनोरंजन का साधन बन गया है, जबकि वास्तविकता यह है कि इस तरह के आयोजनों से बेहतर तरीका कुछ और नहीं हो सकता।
आदित्य सिंह ने कहा कि जैसे—जैसे राउंड होते जा रहे थे, रोचकता बढ़ती जा रही थी। हम दर्शक दीर्घा में बैठकर उत्साहित हो रहे थे। कई बात तो मन करता था कि काश मैं वहां पर होता, लेकिन प्रतियोगिता आसान नहीं होती। पर महाराष्ट्र मंडल ने सचमुच बेहतर आयोजन किया है, अगली मर्तबा मैं भी अपनी टीम के साथ भाग लूंगा।
मनोज जांजगिरवाले ने कहा कि ऐसे आयोजनों को देखने से सीखने का अवसर मिलता है। हमारी आने वाली पीढ़ी के लिए इस तरह के आयोजनों की आवश्यकता है। वरना उनका भविष्य मोबाइल और इंटरनेट तक ही सीमित रह जाएगा। उन्होंने इस आयोजन के लिए महाराष्ट्र मंडल के प्रति अपना आभार व्यक्त किया।