संत ज्ञानेश्वर स्कूल में सर्व सुविधायुक्त पिंक मतदान केंद्र की तैयारी पूरी, जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों का किया जा रहा पालन
2024-05-05 09:37 AM
353
0- मतदान दल के साथ मतदाताओं के लिए भी उपलब्ध होंगी कई सुविधाएं
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर स्कूल में पिंक मतदान केंद्र की तैयारियां लगभग पूरी की जा चुकी हैं। इस मतदान केंद्र के नौ बूथों पर राजेंद्र नगर, न्यू राजेंद्र नगर, महावीर नगर, प्रियदर्शनी नगर, वल्लभनगर, टैगोर नगर, शैलेंद्र नगर जैसे अनेक कॉलोनी के हजारों मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए पहुंचेंगे।
प्राचार्य मनीष गोवर्धन ने बताया कि संत ज्ञानेश्वर स्कूल को जिला निर्वाचन अधिकारी ने पिंक मतदान केंद्र घोषित किया है। इसका आशय यह है कि इस मतदान केंद्र में मतदान करवाने की समुचित प्रक्रिया महिला कर्मचारी- अधिकारी पूरी करेंगे। नौ बूथों के लिए मतदान दल में सदस्यों और सुरक्षा जवानों की संख्या लगभग 60 होगी। इनके आवास, भोजन, चाय- नाश्ता सहित हर तरह की सुविधाओं की व्यवस्था महाराष्ट्र मंडल की ओर से की जा रही है।
महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय काले ने बताया की संत ज्ञानेश्वर स्कूल में न केवल मतदान दल के लिए दो दिन की सर्व सुविधायुक्त व्यवस्था की गई है, बल्कि सात मई को वोट डालने के लिए यहां आने वाले प्रत्येक मतदाता के लिए संजीवनी कैंसर हाॅस्पिटल की ओर से शीतल जल और नींबू पानी की व्यवस्था भी की जा रही है। इस मतदाऩ केंद्र पर छह हजार से अधिक मतदाताओं के आने की संभावना है। इनके लिए शीतल जल और नींबू पानी की व्यवस्था के साथ ही मतदाताओं को धूप से बचाने के लिए पंडाल की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा कुर्सी- बेंच की व्यवस्था भी की जा रही है। काले के मुताबिक जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव सिंह के मतदान केंद्र को लेकर दिए गए दिशा- निर्देशों का शब्दश: पालन किया जा रहा है।