मराठी भाषी अब ₹2500 में बन सकेंगे महाराष्ट्र मंडल के आजीवन सभासद, ₹500 में मिलेगी वार्षिक सदस्यता
2024-05-26 04:12 PM
738
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल का आजीवन सदस्यता शुल्क ₹1500 से बढ़ाकर अब ₹2500 कर दिया गया है। इसी तरह लगभग दो दशकों के बाद ₹500 में सालभर के लिए मंडल की वार्षिक सदस्यता ली जा सकेगी। रविवार को सुबह महाराष्ट्र मंडल में हुई विशेष साधारण सभा में इस आशय से संबंधित संविधान में संशोधन किया गया।
संविधान संशोधन समिति के प्रसन्न निमोणकर ने बताया कि सभासदों के समक्ष संविधान संशोधन से संबंधित सभी जानकारियां प्रस्तुत की गईं और उन्हें ये संशोधन क्यों जरूरी है, यह समझाया गया। सदस्यों ने सर्वसम्मति से संविधान संशोधन प्रस्तावों का अनुमोदन किया। तत्पश्चात वार्षिक सामान्य सभा शुरू हुई। इसमें गत वित्तीय वर्ष का आय- व्यय पत्रक पेश कर किया गया। जिसे सदस्यों ने औपचारिक विमर्श के बाद अनुमोदित कर दिया। इसी तरह कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए मंडल के सचिव चेतन दंडवते ने इसके अनुमोदन का आह्वान किया। इसे उपस्थित सभासदों ने मान लिया। उपाध्यक्ष श्याम सुंदर खंगन ने गत वर्ष के आय- व्यय पत्रक का वाचन किया और पूछे गए सवालों का जवाब दिया। सदस्यों ने इसे भी बिना किसी आपत्ति से अनुमोदित कर दिया।

अपने संक्षिप्त उद्बोधन में अध्यक्ष अजय काले ने कहा कि महाराष्ट्र मंडल के भावी कार्य और भी भव्य पैमाने पर और जोशो- खरोश के साथ मनाए जाएंगे। 28 तारीख को महाराष्ट्र मंडल के मिनी हाॅल में स्वातंत्र्य वीर विनायक दामोदर सावरकर जयंती मनाई जाएगी। 5 जून, पर्यावरण दिवस पर पर्यावरण समिति पौधारोपण और व्याख्यान का कार्यक्रम आयोजित करेगी। इसी तरह 6 जून को छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक दिवस पर नगर स्तरीय भव्य समारोह तात्यापारा चौक पर किया जाएगा।
अध्यक्ष काले ने युवा साथी अभिषेक बक्षी को महाराष्ट्र मंडल की युवा समिति के लिए अधिकाधिक युवाओं को मंडल तक लाने की जिम्मेदारी सौंपी। जिसे अभिषेक ने स्वीकार भी की। महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले ने गत वर्ष दिवंगत हुए आजीवन सभासदों का स्मरण किया। जिन्हें समूची सभा ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के अंत में खेलकूद व पर्यावरण समिति की प्रभारी गीता दलाल ने आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ एजीएम का समापन हुआ।