योग दिवस पर महाराष्ट्र मंडल के दो केंद्रों में होंगे भव्य आयोजन... सूर्य और चंद्र नमस्कार होगा आकर्षण का केंद्र
2024-06-20 07:20 PM
651
रायपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शुक्रवार, 21 जून को चौबे काॅलोनी स्थित महाराष्ट्र मंडल भवन और प्रियदर्शनी नगर स्थित संत ज्ञानेश्वर स्कूल में वृहद स्तर पर कार्यक्रम होंगे। कार्यक्रम में महाराष्ट्र मंडल की सभी समितियों के साथ 15 केंद्रों की टीमें भी शामिल होंगी।
योग और आध्यात्मिक समिति की प्रमुख आस्था काले ने बताया कि गत 10 वर्षों से चौबे काॅलोनी स्थित महाराष्ट्र मंडल में योग दिवस का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी शुक्रवार को महाराष्ट्र मंडल में सुबह सात बजे वृहद स्तर पर योग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इसमें अंतरराष्ट्रीय योग प्रशिक्षक शशि वरवंडकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। योग में शामिल होने के लिए टीशर्ट- लोअर ड्रेस कोड रखा गया है। 8.30 बजे योग का समापन होगा।
आस्था ने बताया कि गुरुमंत्र और ओम के उच्चारण के साथ योग प्रारंभ किया जाएगा। इसके बाद वार्मअप होगा। फिर आसन, प्राणायाम और ध्यान कराया जाएगा। प्राणायाम में अनुलोम- विलोम, भामरी, कपाल भारती कराया जाएगा। वहीं खड़े होकर पाद हस्तासन, कर्ण धनुरासन, ताड़सन, कटिचक्रासन, वृक्षासन कराया जाएगा। इसके बाद बैठकर कराए जाने वाले आसनों में तितली आसन, उत्तान पादआसन, व्याघ्रासन, शंशाकासन सहित कई अन्य आसन कराए जाएंगे।
आस्था काले के मुताबिक महाराष्ट्र मंडल की योग समिति की ओर से गत कई महीनों से प्रतिदिन योग क्लासेस लगाई जा रही है।
आनलाइन मोड पर सुबह 6:15 से 7:15 तक चलने वाली योग क्लास में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग जुटते रहे हैं और इसमें प्रतिदिन प्राणायाम, आसन, ध्यान का नियमित अभ्यास कर रहे हैं।
एसडीवी के प्राचार्य मनीष गोवर्धन ने बताया कि शिक्षिका अपर्णा आठले के निर्देशन में योग कराया जाएगा। इस दौरान स्कूल की योग समिति के बच्चे इसमें शामिल होंगे। इनके साथ सिविल लाइन, अमलीडीह और वल्लभनगर केंद्र की महिलाएं भी योग करने के लिए स्कूल पहुंचेगी। इसके साथ स्कूल का पूरा स्टाफ योग में शामिल होगा।