मनोरंजन

मौत के मुंह से बचकर आए ये अभिनेता... फिर कहा, 'भगवान ने मेरी जान बचा ली'... पढ़िए पूरी खबर

फिल्मों की शूटिंग के दौरान हादसा आमबात है, लेकिन कई बार स्थिति बड़ी ही खतरनाक बन जाती है, यहां तक कि अप्रिय घटनाएं भी घट जाती हैं। ऐसा ही कुछ तमिल अभिनेता और प्रोड्यूसर विशाल कृष्ण रेड्डी के साथ सेट पर हो गया है। इस हादसे में विशाल को एक नई जिंदगी मिली है। वे खुद भी मानते हैं कि भगवान ने उनकी जान बख्श दी। 

जानकारी के मुताबिक तमिल फिल्मों के एक्टर और प्रोड्यूसर विशाल कृष्ण रेड्डी हाल ही में मौत के मुंह से बचकर लौटे हैं। दरअसल, तमिल फिल्मों के सुपरस्टार ने अपनी आगामी फिल्म ‘मार्क एंटनी’ की शूटिंग के सेट पर थे। फिल्म की शूटिंग चल रही है। सेट पर कास्ट और क्रू के सभी लोग शूटिंग करने में व्यस्त हैं। इस फाइट सीक्वेंस में ट्रक का भी इस्तेमाल किया जा रहा था, जिसमें ट्रक को दीवार तोड़कर बाहर आने के बाद रुक जाना था। लेकिन ट्रक पूरी रफ्तार से विशाल की तरफ आता चला गया। सेकंड भर की देरी और हुई होती, तो शायद विशाल को ट्रक रौंद चुका होता। 
 
 

इस पूरी घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है। हालांकि सेट पर शूटिंग ही चल रही थी, लेकिन ट्रक को दीवार तोड़कर दाखिल होने के बाद ब्रेक लगाना था, पर ट्रक नियंत्रण से बाहर हो गया और वह रूकने की बजाय उसी रफ्तार से बढ़ता रही जा रहा था। बहरहाल एक बड़ा हादसा होते-होते रह गया है। फैंस के साथ वीडियो साझा करते हुए विशाल ने लिखा, ‘कुछ सेकंड और कुछ इंच से ही भगवान ने मेरी जान बचा ली। भगवान का बहुत-बहुत धन्यवाद। इस घटना से मैं स्तब्ध हूं और अब वापस अपने पैरों पर और शूट पर लौट आया हूं।’ विशाल का यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसके साथ ही फैंस अभिनेता की सलामती की दुआ भी कर रहे हैं।