Global Millets: गयाना, सूरीनाम, जाम्बिया, मॉरीशस व श्रीलंका के साथ भारत ने किया करार
2023-03-20 11:14 AM
159
नईदिल्ली। ग्लोबल मिलेट्स (श्री अन्न) सम्मेलन में शामिल विभिन्न देशों के कृषि मंत्रियों के साथ केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर की आज द्विपक्षीय बैठकें हुई। साथ ही, संयुक्त राष्ट्र के विश्व खाद्य कार्यक्रम (डब्ल्यूएफपी) के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इस दौरान तोमर ने भारत द्वारा अंतरराष्ट्रीय मिलेट्स वर्ष (आईवाईएम) के अंतर्गत, श्री अन्न को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित वैश्विक सम्मेलन का हिस्सा बनने के लिए इन मंत्रियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने विभिन्न देशों के साथ भारत के कृषि संबंधों को और मजबूत किए जाने की उम्मीद जताई।

केंद्रीय मंत्री ने गयाना के कृषि मंत्री श्री जुल्फिकार मुस्तफा, सूरीनाम के कृषि मंत्री श्री परमानंद प्रह्लाद स्यूडिएनए जाम्बिया के कृषि मंत्री श्री रूबेन फिरी मटोलो, श्रीलंका के कृषि मंत्री श्री महिंदा अमरवीरा और मॉरीशस के कृषि-उद्योग और खाद्य सुरक्षा मंत्री श्री मनीष गोबिन के साथ बैठकें की। वैश्विक सम्मेलन के दौरान डब्ल्यूएफपी व भारत सरकार के बीच 2023-2027 में सहयोग के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर कृषि मंत्री तोमर की उपस्थिति में किए गए।

ग्लोबल मिलेट्स सम्मेलन के दौरान लगाई प्रदर्शनी में पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने श्री अन्न से बने स्वादिष्ट आइसक्रीम का स्वाद लिया और इसके स्टाल संचालक को इस नवाचार के लिए बधाई व शुभकामनाएं दी। साथ ही, तोमर ने इंडियन फेडरेशन आफ कलनरी एसोसिएशन के लाइव कुकिंग काउंटर पर भारतीय श्री अन्न के साथ एशियन सलाद बनाया तथा इसे स्वयं चखने के साथ ही केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी, सचिव मनोज अहूजा, अन्यों को भी खिलाया। उन्होंने अन्य स्टाल का भी दौरा किया। प्रदर्शनी देखने के लिए स्कूल-कालेजों के विद्यार्थियों का तांता लगा है। दो दिन में हजारों बच्चे यहां आए।

तोमर और श्रीलंका के कृषि मंत्री महिंदा अमरवीरा के बीच बैठक में कृषि के विषयों पर चर्चा हुई। तोमर ने कहा कि भारत व श्रीलंका में आबादी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा कृषि पर निर्भर है और इस क्षेत्र को आगे ले जाने के लिए दोनों पक्षों की प्राथमिकताएं बहुत समान हैं। इस प्रकार कृषि क्षेत्र में दोनों पक्षों के बीच सहयोग स्वाभाविक हो जाता है। भारत परंपरागत रूप से श्रीलंका के सबसे बड़े व्यापार भागीदारों में से एक रहा है और श्रीलंका सार्क में भारत के सबसे बड़े व्यापार भागीदारों में से एक है।