दिल्ली। देश में साइबर अपराध के किस्से हर दिन सामने आ रहे हैं। हर दिन दर्जनों लोग साइबर ठगों के शिकार बन रहे हैं। तमाम कोशिशों के बावजूद इन शातिरों के जाल में फंसने से लोग नहीं बच पा रहे हैं। अब तक देश में एकमात्र झारखंड के जामताड़ा को साइबर क्राइम के गढ़ के तौर पर देखा जाता था, लेकिन केंद्र सरकार ने खुलासा किया है देश के 9 राज्यों में 32 हॉटस्पॉट हैं, जहां से साइबर अपराध को अंजाम दिया जा रहा है।
केंद्र सरकार के मुताबिक इन 9 राज्यों में हरियाणा, दिल्ली, झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम, यूपी, गुजरात और आंध्रप्रदेश शामिल हैं। न्यूज एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से बताया कि इन राज्यों में बैठे शातिर लोग भारत के नहीं, बल्कि चीन, पाकिस्तान और तुर्की जैसे देशों से हैं। सवाल यह उठता है कि इतनी जानकारी होने के बावजूद सरकार और खुफिया एजेंसी इन तक क्यों नहीं पहुंच पा रही है और क्यों नहीं दबोच रही है..? हालांकि इसका जवाब आने में अभी समय है।
रखी जा रही है इन पर नजर
साइबर अपराध को अंजाम देने वाले लोगों को लेकर किए गए सवाल के जवाब में गृहमंत्री अमित शाह का जवाब सामने आ गया है। उन्होंने बताया कि 10 जनवरी 2020 को एक पोर्टल लांच किया गया था, जिस पर साइबर क्राइम की शिकायत दर्ज की जा सकती है। उन्होंने बताया कि इस पोर्टल पर अब तक 20 लाख से ज्यादा शिकायतें मिल चुकी हैं, जिसके आधार पर 40 हजार एफआईआर दर्ज किए गए हैं। गृहमंत्री ने बताया कि पोर्टल के अलावा हेल्पलाइन नंबर ’1930’ जारी किया गया है, जो देशभर में 250 बैंकों से सीधे कनेक्ट है।