देश-विदेश

राजधानी में मच्छर अगरबत्ती ने ले ली 6 लोगों की जान... एक बच्चा और एक महिला शामिल... दो की हालत गंभीर

दिल्ली। हर दिन मच्छर से निजात पाने के लिए मच्छर अगरबत्ती लगाकर सोने वाले परिवार को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था, वही अगरबत्ती एक दिन उनकी मौत की वजह बन जाएगी और पूरा परिवार ही तबाह हो जाएगा। दरअसल, मच्छर अगरबत्ती लगाकर सोया एक परिवार आगजनी का शिकार हो गया। परिवार के 6 सदस्यों की मौत हो चुकी है, तो दो लोग जीवन के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इस हादसे में एक बच्चा, एक महिला और 6 पुरुषों की मौत हो चुकी है। 

मिल रही जानकारी के मुताबिक मामला दिल्ली के शास्त्री पार्क से सामने आया है। परिवार उत्तर पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में रहता था। दमकल विभाग को सुबह करीब 8.52 बजे आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकल की तीन गाड़ियां घर पहुंचीं। नॉर्थ ईस्ट जिले के डीसीपी जॉय तिर्की ने कहा कि शास्त्री पार्क पुलिस स्टेशन को शुक्रवार सुबह फोन आया कि माछी मार्केट के पास मजार वाला रोड पर एक घर में आग लग गई है। पुलिस मौके पर पहुंची और पाया कि पीड़ितों को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया था।
 

घटना में कुल नौ लोग शामिल थे, जिनमें से दो का इलाज चल रहा है और एक को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। मृतकों में चार पुरुष, एक महिला और एक बच्चा शामिल है। अतिरिक्त DCP संध्या स्वामी ने बताया, "ग्राउंड फ्लोर पर मच्छर प्रतिरोधी जल रहा था जिससे आग लग गई। जब लोगों को बाहर निकाला गया तो 6 लोगों की सांसें चल रही थी, लेकिन जब अस्पताल ले जाया गया तो उनकी मृत्यु हो गई। 2 लोगों की हालत गंभीर है।" 

----------