Rath Yatra: भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा आज… पूजा-विधि के साथ सवारी पर निकलेंगे भगवान
रायपुर। ओडिशा के पुरी में स्थित प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर में आज शुक्रवार से रथयात्रा की शुरुआत होने जा रही है। आज देश के कई हिस्सों में भगवान जगन्नाथ की रथयात्राएं निकाली जाएगी।
राजधानी रायपुर के शंकरनगर स्थित जगन्नाथ मंदिर और पुरानी बस्ती के टूरी हटरी से भगवान जगन्नाथ की रथयात्राएं निकाली जाएगी। मान्यता के अनुसार, भगवान जगन्नाथ साल में एक बार अपनी बहन सुभद्रा और भाई बलभद्र के साथ अपनी मौसी के घर गुंडिचा मंदिर जाते हैं। पुरी के अलावा देश के कई जगहों में रथयात्रा भव्य होने वाली है।
बता दें कि , ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ रथयात्रा के लिए पूजा अनुष्ठान शुरू हो गए हैं। इसके बाद भगवान मंदिर से बाहर लाने की विधियां शुरू होंगी। इसके बाद रथों की पूजा कर बलभद्र, बहन सुभद्रा और भगवान जगन्नाथ को रथ में बैठाया जाएगा। यात्रा के कार्यक्रम के अनुसार, आगे दोपहर 3 बजे पुरी राजपरिवार के गजपति दिव्य सिंह देव रथ के आगे सोने के झाडू से बुहारा लगाकर रथ यात्रा की शुरुआत करेंगे।
वहीं पर बड़े हर्षोल्लास के साथ भगवान जगन्नाथ अपने भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ करीब 3 किलोमीटर दूर गुंडिचा मंदिर जाएंगे। यह रथ यात्रा कुल 12 दिनों तक चलेगी और इसका समापन 8 जुलाई 2025 को नीलाद्रि विजय के साथ होगा, इस रथ यात्रा के दौरान कई धार्मिक रस्में, अनुष्ठान और विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।