15 अगस्त से शुरू होगी Fastag आधारित वार्षिक टोल पास सुविधा, प्री-बुकिंग अगले सप्ताह से
Fastag : सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने देशभर में राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रा को सुगम बनाने के लिए एक बड़ी घोषणा की है। मंत्रालय ने 15 अगस्त से फास्टैग आधारित वार्षिक टोल पास जारी करने का निर्णय लिया है। यह वार्षिक पास तीन हजार रुपये में मिलेगा और इसे राजमार्ग यात्रा मोबाइल एप के माध्यम से प्री-बुक किया जा सकेगा।
मंत्रालय के अधीन भारतीय राजमार्ग प्रबंधन कंपनी लिमिटेड (IHMCL) ने इस संबंध में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को एडवाइजरी जारी कर दी है। एडवाइजरी में बताया गया है कि योजना को लेकर वाहन मालिकों में खासा उत्साह है और देशभर के करीब 800 टोल प्लाजा, एनएचएआई की वेबसाइट और टोल फ्री नंबर पर लोग योजना की जानकारी लेने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
वार्षिक पास की मांग में वृद्धि को देखते हुए प्री-बुकिंग की सुविधा जुलाई के पहले सप्ताह से शुरू करने की तैयारी है। एनएचएआई के पूर्वी क्षेत्र के अधिकारी ने बताया कि 30 जून तक सभी टोल प्लाजा पर व्यवस्था को पूरी तरह तकनीकी रूप से तैयार कर लिया जाएगा।
वार्षिक पास योजना खासतौर पर गैर-व्यावसायिक निजी वाहनों (कार, जीप, वैन आदि) के लिए लागू होगी। यह पास एक वर्ष या अधिकतम 200 ट्रिप (जो भी पहले हो) तक मान्य रहेगा। पास के जरिए वाहन मालिक देशभर के राष्ट्रीय राजमार्गों पर निर्बाध यात्रा कर सकेंगे।