देश-विदेश

नकली पुलिस बना कर करोड़ों की ठगी… छापे में निकला चौंकाने वाला सामान

वडोदरा गुजरात। वडोदरा पुलिस ने सस्ता सोना और 10 करोड़ का लोन दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मास्टरमाइंड राजवीर पारीख उर्फ इलियास अजमेरी और उसके भाई के घर पर छापा मारा, जहां से दो बैगों में 1.62 करोड़ रुपये के नकली नोट और 3 किलो नकली सोने के बिस्कुट मिले।

यह कार्रवाई कर्नाटक के एक व्यक्ति की शिकायत के बाद हुई, जिसने आरोप लगाया था कि राजवीर, विशाल बारड़ और नैना महिड़ा ने सस्ते सोने और 10 करोड़ का लोन दिलाने का झांसा देकर उससे कुल 4.92 करोड़ रुपये ले लिए। जांच में पता चला कि इलियास खुद को नकली पुलिस अधिकारी बताकर लोगों को डराता था और पैसे ऐंठता था।

पुलिस ने अब तक भरत प्रजापति और विरल साकरिया को गिरफ्तार किया है, जबकि इलियास अजमेरी सहित बाकी आरोपी फरार हैं। आरोपी कई राज्यों में इसी तरीके से लोगों को फंसाते थे। पुलिस ने लोगों को चेतावनी दी है कि सस्ते सोने या बड़े लोन के लालच में किसी को भी अग्रिम पैसा न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
 

 

----------