चलती बस में लगी भीषण आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई अपनी जान….
2025-11-28 03:41 PM
33
यूपी में कानपुर के रामादेवी चौराहे के पास नेशनल हाईवे-19 पर उस वक्त खौफनाक मंजर देखने को मिला जब दिल्ली से बनारस जा रही पलक ट्रैवल्स की लग्जरी डबल-डेकर स्लीपर बस में अचानक आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं।
बस में उस समय करीब 30 से 40 यात्री सो रहे थे या अपनी सीटों पर आराम कर रहे थे। अचानक ऊपरी डेक में रखे सामान से धुआं निकलते देख ड्राइवर-कंडक्टर ने शोर मचाया और बस को साइड में रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया था।
गनीमत यही रही कि आग सबसे पहले बस की छत पर लदे भारी-भरकम सामान में लगी। यात्रियों को कुछ पल का मौका मिला और कई लोग खिड़कियों व दरवाजों से चलती बस से सड़क पर कूद गए। कुछ यात्री तो सड़क पर लुढ़कते हुए दूर तक चले गए, लेकिन उनकी जान बच गई।
जिन्हें कूदने की हिम्मत नहीं हुई या जो ऊपरी बर्थ में फंसे थे, उनकी सांसें अटक गईं। तभी रामादेवी चौराहे पर ट्रैफिक ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों ने जलती बस को देखा और बिना एक पल गंवाए दौड़ पड़े।
फिर पुलिसकर्मियों ने जलती बस के अंदर घुसकर चीखते-चिल्लाते यात्रियों को बाहर निकाला। एक-एक करके करीब आधा दर्जन फंसे हुए लोगों को मौके से पुलिसकर्मियों ने गोद में उठाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। स्थानीय लोगों ने भी मदद की और पानी की बोतलें फेंककर आग को काबू करने की कोशिश की।
करीब 1 घंटे की जद्दोजहद के बाद आग पर काबू पाया। तब तक बस का सिर्फ ढांचा बचा था। इसके कारण, ट्रैफिक करीब दो घंटे तक बाधित रहा। मौके पर पहुंचे पुलिस टीम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट मुख्य कारण लग रहा है, लेकिन बस में खतरनाक सामान और ओवरलोडिंग की वजह से आग इतनी तेजी से फैली।