वाराणसी के होटल में आधी रात आग का तांडव, सोते हुए यात्रियों में मची अफरा-तफरी, 5 झुलसे
2026-04-15 07:30 AM
95
नई सड़क में अचानक भड़की आग से दहला इलाका
वाराणसी| वाराणसी के नई सड़क इलाके में रविवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब होटल एचएम इंटरनेशनल में अचानक आग लग गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब होटल में ठहरे कई यात्री गहरी नींद में थे और उन्हें इस भयावह स्थिति का अंदाजा तक नहीं था। आग की लपटें उठते ही होटल के भीतर फंसे लोगों में चीख-पुकार मच गई और आसपास का इलाका दहशत में आ गया।
रात एक बजे के बाद दिखीं लपटें, लोगों ने खुद शुरू किया बचाव
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब एक बजे के बाद नई सड़क स्थित फरहान होटल के बगल में बने होटल एचएम इंटरनेशनल के फर्स्ट फ्लोर की बालकनी से अचानक आग की लपटें निकलने लगीं। देखते ही देखते हालात बिगड़ने लगे और अंदर फंसे लोग मदद के लिए चिल्लाने लगे। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया, पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की और निचले फ्लोर पर मौजूद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही करीब 10 मिनट के भीतर एसीपी दशाश्वमेध डॉ अतुल अंजान त्रिपाठी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ प्रभारी थाना दशाश्वमेध भी मौजूद रहे। चेतगंज से फायर सर्विस की टीम को तत्काल बुलाया गया। तब तक आग फर्स्ट फ्लोर के सामने वाले हिस्से में तेजी से फैल चुकी थी और अंदर फंसे लोग मदद के लिए पुकार रहे थे।
आग बुझाने में बढ़ी चुनौती, रेस्क्यू ऑपरेशन से बची कई जिंदगियां
फायर सर्विस की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया, लेकिन शुरुआती प्रयासों में आग और भड़क गई और ऊपर की ओर फैलने लगी। हालात की गंभीरता को देखते हुए टीम ने तुरंत रणनीति बदली और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद होटल में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
5 लोग झुलसे, अस्पताल में चल रहा इलाज
एसीपी अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, हालांकि इस हादसे में 5 लोग झुलस गए। घायलों में हरियाणा के रेवाड़ी निवासी प्रदीप कुमार, उनकी पत्नी मंजीत, उनके दो बच्चे सात वर्षीय शिवाय और चार वर्षीय शानवी, तथा मुंबई निवासी साहिल शामिल हैं। इनमें से दो घायलों को मंडलीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जबकि बाकी का इलाज बीएचयू ट्रामा सेंटर में जारी है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। फिलहाल फायर सर्विस की टीम पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है, ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।