फ्यूल कम होने पर भुवनेश्वर जा रही फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग
2026-05-28 07:35 AM
20
ओडिशा। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (अमौसी) पर बुधवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बेंगलुरु से भुवनेश्वर जा रहे अकासा एयर के एक विमान को ईंधन (फ्यूल) की कमी के कारण बेहद आपातकालीन परिस्थितियों में उतारा गया। विमान में कम ईंधन की सूचना मिलते ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने फुल इमरजेंसी घोषित कर दी थी। हालांकि, रात 09:21 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। विमान में सवार सभी 194 यात्री और क्रू मेंबर पूरी तरह सुरक्षित हैं। इसके पहले दक्षिण भारत से खाड़ी देश जा रही एक एयर इंडिया की फ्लाइट की इमजरजेंसी लैंडिंग कोच्चि में हुई थी जिसके लैंडिंग गीयर में खराबी आई थी।
जानकारी के अनुसार अकासा एयर की फ्लाइट संख्या क्यूपी 1503 (विमान संख्या वीटी-वाईएजे बी 738एम) ने बुधवार शाम बेंगलुरु से भुवनेश्वर के लिए उड़ान भरी थी। जब विमान भुवनेश्वर के आसमान पर पहुंचा, तो वहां मौसम बेहद खराब हो चुका था। काफी देर हवा में चक्कर काटने (होल्डिंग) के बाद भी जब लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली, तो पायलट ने विमान को लखनऊ डायवर्ट करने का फैसला किया। लखनऊ के रास्ते में आते समय विमान का फ्यूल रिजर्व स्तर से नीचे चला गया।
फ्लाइट रडार के अनुसार विमान बेंगलुरु से उड़ान भरने के बाद विजयवाड़ा, राजा महेन्द्रवरम, विशाखापट्टनम सीमा क्षेत्र के ऊपर से होता हुआ भुवनेश्वर पहुंचा था। डायवर्ट होने के बाद विमान झारखंड के चाईबासा, चक्रधरपुर, खूंटी जिला, रांची के नजदीक, यूपी में रॉबट्सगंज और विंध्य पर्वत शृंखला के ऊपर से होते हुए लखनऊ पहुंचा। विमान का ईंधन इतनी लम्बी दूरी में खत्म होने के कगार पर पहुंच गया। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि रास्ते में कई एयरपोर्ट थे जहां लैंडिंग करा कर जोखिम को कम किया जा सकता था।