PM मोदी ने कैप्टन स्मित से की फोन पर बात... कैप्टन ने बताया उस खौफनाक पल में क्या हुआ
डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्लाई दुबई के विमान में सवार 174 यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय मूल के पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से फोन पर बात की। पीएम मोदी ने उनका हालचाल जाना और मुश्किल हालात में दिखाए गए साहस की सराहना की। बातचीत में कैप्टन स्मित ने उस खौफनाक घटना के दौरान अपने अनुभव और कॉकपिट तक पहुंची संकट की स्थिति के बारे में बताया।
कैप्टन स्मित मच्छार ने PM मोदी को बताया कि उस समय वह खुद अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एहसास हुआ कि अगर उन्होंने हिम्मत नहीं दिखाई, तो विमान में सवार यात्रियों की जान खतरे में पड़ सकती थी। उन्होंने बताया कि गंभीर चोटों के बावजूद उन्होंने खुद को उठने और कुछ करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने की कोशिश की।
बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित ने बताया कि जब भी उन्हें तकलीफ होती है, वह हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं। उस मुश्किल वक्त में भी उन्होंने यही किया। उन्होंने PM मोदी से कहा कि उन्हें इससे हिम्मत मिली। कैप्टन स्मित ने PM मोदी को अपना सबसे बड़ा आदर्श भी बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की ओर से हौसला बढ़ाया जाना उनके लिए गर्व की बात है।
पीएम मोदी ने विपरीत परिस्थितियों में कैप्टन स्मित की सूझबूझ और साहस की सराहना की। उन्होंने कहा कि कैप्टन ने बहुत बड़ा काम किया और सभी की जान बचाई। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि वह कैप्टन की देखभाल के लिए सऊदी अरब और यूएई की सरकारों का शुक्रिया अदा करते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जरूरत पड़ने पर वह एक फोन कॉल की दूरी पर हैं।
पीएम मोदी ने कैप्टन स्मित के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि भारत उनके स्वागत के लिए उत्सुक है। प्रधानमंत्री के मुताबिक, उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए देशभर में विशेष प्रार्थनाएं भी की गईं। इससे पहले गुरुवार को PM मोदी ने कैप्टन स्मित की पत्नी और माता-पिता से भी बात की थी। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया था कि कैप्टन और उनके परिवार को भारतीय मिशनों की ओर से पूरी मदद मिलेगी।