भारत सबसे बड़ा और सबसे सशक्त लोकतांत्रिक देश है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वर्ष 1975 में लगाए गए आपातकाल और प्रेस पर बंदिशों के बाद भी हमारा लोकतंत्र सशक्त है। शाहबानो प्रकरण से लेकर कश्मीर में धारा 370 की समाप्ति तक देखें तो कुछ व्यक्तियों और दलों ने संविधान को दूषित मानसिकता के कारण आहत किया है। आज राष्ट्र में संविधान को पूरा महत्व और सम्मान दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 26 नवंबर को संविधान गौरव दिवस के रूप में मनाए जाने की परंपरा प्रारंभ की। यह दिवस देश में संविधान के लगभग आठ दशक के कालखंड की मीमांसा करने का है। आज भारत दुनिया में सबसे युवा और सबसे बड़ा सशक्त लोकतांत्रिक देश है। भारत की विशेषता से दुनिया हैरान है। कई देशों में हिंसा और हथियारों के बल पर सत्ता परिवर्तन हुए, लेकिन भारत में संविधान के पवित्र ग्रंथ की बदौलत लोकतंत्र अमर है। यह हमें लोकतांत्रिक मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में संविधान गौरव दिवस के अवसर पर प्रबुद्धजन संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। संगोष्ठी केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत और अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया। संगोष्ठी के पूर्व परिसर में आयोजित प्रदर्शनी का मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने अवलोकन किया। संगोष्ठी में संगठन महामंत्री श्री चंद्रशेखर विशेष रूप से उपस्थित थे। मंचासीन अतिथियों का स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश में पाँच साल में लोकतांत्रिक प्रक्रिया से चुनाव होते हैं और नागरिकों को अपना प्रतिनिधि चुनने का अवसर मिलता है। हमें लंबे संघर्ष के बाद आजादी मिली। किसी सरकार के कार्य करने का आधार क्या होना चाहिए, यह संविधान में वर्णित है। संविधान के निर्माण में मध्यप्रदेश की विभूतियों का भी विशेष योगदान रहा है। स्वतंत्रता के बाद देश का नाम इंडिया हो या भारत। यह तय करने के लिए मध्य क्षेत्र को मध्य भारत प्रांत की मान्यता दी गई। यहीं से देश का नाम भारत करने के निर्णय को बल मिला।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राजकुमारी अमृत कौर ने देश में पहली बार सभी नागरिकों के लिए समान कानून का समर्थन किया था। संविधान में समानता की बात कही गई है। एक प्रकार से यह समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का समर्थन ही था। विक्रम संवत को मान्यता न देकर एक नया राष्ट्रीय पंचांग शक संवत लागू किया गया, जबकि इसमें तिथि और महीने विक्रम संवत की तरह ही हैं। तत्कालीन सरकारों ने सम्राट विक्रमादित्य द्वारा दिए विक्रम संवत को आगे नहीं बढ़ाया। हमारे देश की आजादी, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सरदार भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद जैसे अनेक वीर क्रांतिकारियों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया। एक हजार वर्ष पूर्व पृथ्वीराज सिंह चौहान से लेकर बलिदान का ये क्रम चला। स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष की बदौलत ही आज हम गरीब से गरीब परिवार के व्यक्ति को भी सत्ता के सर्वोच्च स्थान पर पहुंचा सकते हैं। संविधान ने नागरिकों को शक्ति दी है। प्रधानमंत्री मोदी लगातार तीसरी बार और सबसे लंबे समय तक सरकार चलाने वाले नेता हैं।
प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देशवासियों को संविधान जैसे पवित्र ग्रंथ की सौगात दी। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने 26 नवंबर 2015 से संविधान गौरव दिवस मनाने की शुरुआत की। डॉ. अंबेडकर की जन्मस्थली मध्यप्रदेश के महू में स्थित है। उन्होंने जीवनकाल में अनेक कष्टों को सहा और पीड़ा को अपनी प्रेरणा बनाया। वर्ष 1975 में तत्कालीन सरकार ने संविधान का गला घोंट दिया था। प्रधानमंत्री श्री मोदी की पहल से अम्बेडकर के जीवन से जुड़े सभी 5 स्थानों को पंचतीर्थ बनाने का कार्य हुआ।