राजधानी में बारिश ने तोड़ा 20 सालों का रिकार्ड... झमाझम बारिश के बीच विभाग ने जारी की चेतावनी
2023-07-09 10:10 AM
309
दिल्ली-एनसीआर में रविवार सुबह से कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार सुबह एक ट्वीट में कहा कि दिल्ली के अलग-अलग स्थानों और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम तीव्रता के साथ गरज के साथ बारिश होगी। मौसम विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटे (शनिवार 8:30 बजे-रविवार 8:30 बजे तक) में दिल्ली में (मानक सफदरजंग) 253 मिमी बारिश हुई है।
आईएमडी दिल्ली के प्रमुख चरण सिंह ने शनिवार को कहा कि आईएमडी ने दिल्ली में 2-3 दिनों के लिए भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। इस सप्ताह दिल्ली सहित उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश होगी, बारिश 2-3 दिनों तक ज्यादा रहेगी। उसके बाद हल्की बारिश होगी। इस दौरान गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।
मौसम विभाग ने जिन स्थानों पर बारिश की भविष्यवाणी की है, उनमें नरेला, अलीपुर, रोहिणी, बादिली, पीतमपुरा, पश्चिम विहार, पंजाबी बाग, कश्मीरी गेट, सीलमपुर, राजौरी गार्डन, लाल किला, राजीव चौक, आईटीओ, जाफरपुर शामिल हैं।
मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली-एनसीआर वालों को अभी बारिश से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। आज भी भारी बारिश होने का अनुमान है। विभाग ने आज के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली-एनसीआर में बारिश का सिलसिला जारी है। आसमान में घने बादल हैं। अंधेरा सा छाया हुआ है। कल दिल्ली में दिन भर हुई मूसलाधार बारिश ने पिछले 20 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक 126.1 एमएम बारिश दर्ज की गई। महज नौ घंटे की बारिश से दिल्ली का पारा सामान्य से आठ डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।