बेटे-बेटी के अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेलने के लिए हर सुविधा दूँगा:मुख्यमंत्री चौहान
भोपाल। बेटा-बेटियों के जीवन में हमेशा खुशियाँ और चेहरे पर मुस्कान रहे। क्षेत्र के बेटा-बेटी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जाकर खेलें, इसके लिए मैं हर सुविधा दूँगा। पूरा माइक्रो प्लान तैयार किया जाएगा, जिससे हर विधा में हमारे क्षेत्र के बच्चे हर खेल में आगे बढ़े। खेल ही जीवन का अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि मैं अपने बेटे-बेटियों के सपनों को पूरा करुँगा। खूब पढ़ो, आगे बढ़ो, मामा आपके साथ हैं। बेटा-बेटियों के लिए तीन चीजें आवश्यक है खेल, शिक्षा और रोजगार। युवाओं के आनंद और प्रसन्नता के लिए खेल जरूरी है। उक्त बातें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहीं।
मुख्यमंत्री भैरूंदा में प्रेम सुंदर स्मृति कबड्डी टूर्नामेंट-2023 के समापन पर खिलाड़ियों, युवाओं और गणमान्य नागरिकों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने सपरिवार कबड्डी टूर्नामेंट का आनंद लिया और खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। कबड्डी महाकुंभ में विधानसभा क्षेत्र की 226 टीमों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रथम, द्वितीय पुरस्कार के अलावा सभी प्रतिभागी टीमों को पहले दिये जाने वाले 5000 रुपये के पुरस्कार को बढ़ाकर अब 11000 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल के साथ-साथ बेहतर शिक्षा भी जरूरी है। इसलिए सीएम राइस स्कूल खोले गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कक्षा 12वीं में 70 प्रतिशत लाने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप 25 हजार रूपए दिए जाएंगे। जिन बच्चों ने हायर सेकेंडरी परीक्षा में अपने-अपने स्कूलों में सबसे ज्यादा अंक हासिल किए हैं, उन्हें स्कूटी दी जाएगी। पढ़ाई के लिए अपने गांव से दूसरे गाँव जाने वाले पांचवीं कक्षा उत्तीर्ण कर छठवीं के विद्यार्थियों एवं आठवीं पास कर 9वीं में आए विद्यार्थियों के खाते में 4500 रुपये की राशि डाली जाएगी। साथ ही 12वीं में 60 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाली बेटियों को प्रोत्साहन स्वरूप 5000 रूपए अलग से प्रदान किए जाएंगे।