देश-विदेश

दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस वे पर भीषण सड़क हादसा, 6 लोगों की मौत

नईदिल्ली। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे पर भीषण सड़क हादसा हो गय़ा।  यहां एक स्कूल बस और एक कार (टीयूवी) के बीच भिड़ंत हुई है, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई। डीसीपी ग्रामीण जोन ने इस बात की पुष्टि की है। हादसा NH 9 की लालकुआं से दिल्ली की तरफ जाने वाली  लेन में हुआ है। पुलिस और DME की टीम रेस्क्यू करने में लगी है। जानकारी के मुताबिक, ये हादसा क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के राहुल विहार के सामने हुआ है।

हादसा इतना भीषण था कि डेडबॉडी कार में ही बुरी तरह फंस गई थीं और उन्हें बाहर निकालने में पुलिसकर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ भी देखी गई। मिली जानकारी के मुताबिक, गेट को कटर से काटकर एक शव को बाहर निकालना पड़ा। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। 

इस हादसे पर एडिशनल डीसीपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा ने कहा, ‘सुबह करीब 6 बजे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर एक स्कूल बस और टीयूवी कार के बीच टक्कर हुई है। आमने-सामने हुई टक्कर में 6 लोगों की मौके पर मौत हो गई है, 2 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, उनका इलाज किया जा रहा है। कार में कुल 8 लोग थे। जिसमें 2 बच्चे, 2 पुरुष और 2 महिलाएं भी थीं। बाकी लोग भी परिवार के ही थे। 2 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, उनका इलाज चल रहा है।

----------