देश-विदेश

NDA के खिलाफ चुनावी जंग लड़ेगा... 26 विपक्षी दलों वाला 'INDIA'... पीएम मोदी ने सुनाई कविता

कांग्रेस की अगुवाई में आज 26 विपक्षी दलों ने नए गठबंधन को मुर्त रूप दे दिया है और इसका नाम इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इंक्लूसिव अलायंस यानी 'INDIA' रखा गया है। बेंगलुरु में 26 विपक्षी दल एक साथ जुटे और 2024 के लिए नया गठबंधन बनाया। इसके बाद सभी मंचों ने एक मंच पर आकर साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस की। प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत में कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने इस गठबंधन के नाम की औपराचिक घोषणा की। उन्होंने बताया कि सभी दलों ने 'INDIA' नाम पर सहमति जताई है।
 
इसके बाद खड़गे ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में आज की बैठक को सफल बताते हुए कहा कि अगले चरण की बैठक मुंबई में होगी और 2024 लोकसभा चुनाव के लिए दिल्ली में एक सचिवालय बनाया जाएगा। खड़गे ने कहा कि केंद्र सरकार ED, CBI जैसी संस्थाओं का गलत इस्तेमाल कर रही है। खड़गे ने बताया कि इस बैठक में लोकतंत्र और देश को बचाने पर चर्चा हुई। वे बोले कि 11 सदस्यों की एक समिति गठित की जाएगी। इसके संयोजक का नाम अगली बैठक में तय होगा।

इसके बाद ममता बनर्जी ने कहा कि बैठक बहुत अच्छी रही है। आज से चुनौती की शुरुआत हुई है। हमारी जो 26 पार्टियों की बैठक में हुई उसमें हमने एक रियल चैलेंज लिया है। ममता बनर्जी ने सवाल पूछते हुए कहा, 'NDA कैन यू चैलेंज INDIA?' ममता बनर्जी ने कहा कि INDIA जीतेगा, BJP हारेगी।
 
 

इधर, विपक्ष के इस नए गठबंधन को लेकर प्रधानमंत्री ने कविता कह डाली। पीएम मोदी ने कहा '2024 के लिए देश के लोगों ने हमारी सरकार वापस लाने का मन बना लिया है। ऐसे में भारत की बदहाली के जिम्मेदार कुछ लोग अपनी दुकान खोलकर बैठ गए हैं। इन्हें देखकर मुझे एक कविता याद आती है, "गायित कुछ है, हाल कुछ है, लेबिल कुछ है माल कुछ है"। 24 के लिए 26 होने वाले दलों पर ये फिट बैठता है।' 

----------