रायगढ़ में भूस्खलन से खिसका बड़ा चट्टान... दो दर्जन से ज्यादा घर दबे... अब तक 10 की मौत
2023-07-20 01:51 PM
302
मुंबई। महाराष्ट्र के रायगढ़ में चट्टान खिसकने से एक बड़ा हादसा हुआ है। इस हादसे में 25-30 घरों के पत्थर और मिट्टी के नीचे दबने की आशंका जताई जा रही है। इस हादसे में अब तक 96 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है जबकि 10 लोगों की मौत हुई है। 21 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मलबे में अभी भी कई और लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल पर एनडीआरएफ की टीम ने राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। ये घटना राजगढ़ के खालापुर में हुई है।
हादसा बुधवार देर रात 12 बजे हुआ है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि चट्टान और मिट्टी के खिसकने से जो घर इसकी चपेट में आए हैं उनमें कई लोग मौजूद हो सकते हैं। इलाके में बीते कुछ समय से तेज बारिश हो रही है, ऐसे में इस बारिश को ही चट्टान खिसकने की वजह माना जा रहा है। एनडीआरएफ की टीम को इलाके में हो रही तेज बारिश की वजह से राहत और बचाव कार्य चलाने में भी दिक्कत हो रही है।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी खालापुर में घटनास्थल के पास पहुंचे और बचावकार्य का जायजा लिया। जल्द से जल्द कैसे मलबे में दबे लोगों को निकाला जाए, इस पर मौके पर मौजूद अधिकारियों से चर्चा कर रहे हैं। एनडीआरएफ, नवी मुंबई दमकल और पुलिस पैदल चलकर ही घटनास्थल तक पहुंचे हैं। रात में चढ़ाई के दौरान दमकल विभाग के एक कर्मी की मौत की भी खबर है।