5वां हेलिकॉप्टर एवं लघु विमान शिखर सम्मेलन मध्य प्रदेश के खजुराहो में
नईदिल्ली। 5वां हेलिकॉप्टर और लघु विमान शिखर सम्मेलन 25 जुलाई, 2023 को मध्य प्रदेश के खजुराहो में नागरिक उड्डयन मंत्रालय, मध्य प्रदेश सरकार, पवन हंस लिमिटेड और फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का विषय ‘‘अंतिम मील तक पहुंचना: हेलिकॉप्टर और छोटे विमानों के माध्यम से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी’’ है। इस कार्यक्रम का उद्घाटन केन्द्रीय नागरिक उड्डयन और इस्पात मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम.सिंधिया करेंगे। कार्यक्रम के प्रारूप में एक उद्घाटन सत्र और उसके बाद एक तकनीकी सत्र शामिल हैं।
हेलिकॉप्टर और लघु विमान भारत के परिवहन पारिस्थितिकी तंत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नागरिक हेलिकॉप्टर विशेषत: दूरदराज के क्षेत्रों में बेहतर पहुंच में योगदान करते हैं, पर्यटन के लिए जबरदस्त संभावनाएं प्रदान करते हैं, जिससे यात्रियों को अद्वितीय तरीकों से सुंदर परिदृश्य और सांस्कृतिक स्थलों का अनुभव प्राप्त होता है। हेलिकॉप्टर सेवा की अन्य भूमिकाओं में आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं और बाढ़ के दौरान आपदा प्रबंधन, बचाव अभियान आदि शामिल हैं।
इसी तरह लघु विमान, व्यवसाय और अवकाश यात्रियों के लिए कुशल और सुविधाजनक परिवहन का विकल्प प्रदान करते हैं, क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी को बढ़ाते हैं और अल्प-ज्ञात गंतव्यों की खोज को बढ़ावा देते हैं। विमानन और पर्यटन उद्योग परस्पर एक-दूसरे से लाभान्वित होते हैं, रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देते हैं और पूरे देश में आर्थिक विकास को बढ़ावा देते हैं।