देश-विदेश

भारतीय रेलवे आज रचेगा नया इतिहास... देश के 508 रेलवे स्टेशन होंगे शामिल... जानिए क्या है खास

नई दिल्ली। भारत में रेलवे का इतिहास काफी पुराना है, लेकिन आज 6 अगस्त 2023 रेलवे के इतिहास में नई इबारत लिखने जा रहा है। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश को ऐसी सौगात देने जा रहे हैं, जिसकी कल्पना तक नहीं की गई थी। देश के 508 रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प होना है, जिसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार (6 जुलाई) को सुबह 11 बजे अमृत भारत योजना के तहत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 508 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास की आधारशिला रखेंगे। इसकी जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय ने दी है। 

प्रधानमंत्री जिन 508 स्टेशनों की आधारशिला रखने वाले हैं, वो सभी 27 राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों में फैले हुए हैं। जिनमें उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 55-55, बिहार में 49, महाराष्ट्र में 44, पश्चिम बंगाल में 37, मध्य प्रदेश में 34, असम में 32, ओडिशा में 25, पंजाब में 22, गुजरात और तेलंगाना में 21-21, झारखंड में 20, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में 18-18 हरियाणा में 15 और कर्नाटक में 13 स्टेशन शामिल हैं। इसके साथ ही चंडीगढ़ में 8, केरल में 5, दिल्ली, त्रिपुरा, जम्मू और कश्मीर तथा उत्तराखंड में 3-3 जबकि हिमाचल प्रदेश, मेघालय, नागालैंड और पुदुचेरी में 1-1 स्टेशनों का कायाकल्प होना है।

24,700 करोड़ रुपये है बजट

पुनर्विकास के ये कार्यक्रम अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किए जाएंगे, जिसका बजट  24 हजार 700 करोड़ रुपये का है। इस प्रोजेक्ट में 1300 रेलवे स्टेशनों को मल्टी मॉडल हब के तौर पर विकसित किया जाना है। इसमें पहले फेज में 508 रेलवे स्टेशनों पर काम किया जाएगा।

स्थानीय संस्कृति की होगी झलक

पीटीआई ने पीएमओ के हवाले से बताया है कि योजना के तहत शहर के दोनों किनारों पर उचित एकीकरण के साथ इन स्टेशनों को सिटी सेंटर के रूप में विकसित करने के लिए मास्टर प्लान तैयार किए जा रहे हैं। स्टेशन बिल्डिंग के डिजाइन में स्थानीय संस्कृति, विरासत और वास्तुकला की झलक दिखाई देगी। इन स्टेशनों में यात्रियों की आधुनिक सुविधाओं का ध्यान रखा जाएगा। इन स्टेशनों को वर्ल्ड क्लास सुविधाओं से लैस करने का लक्ष्य रखा गया है। दो साल के अंदर ये स्टेशन पूरी तरह बदले नजर आएंगे। यात्रियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ ही ट्रेन के लोको पायलट के लिए यहां पर सभी सुविधाओं से लैस रनिंग रूम भी होंगे। 
 
----------