पेंशनर्स के लिए राज्य सरकार का तोहफा... महंगाई राहत में 5 प्रतिशत का इजाफा... इसी माह से मिलेगा लाभ
2023-08-10 01:18 PM
319
विधानसभा चुनावों से पहले शिवराज सरकार ने नगरीय निकायों के 17000 पेंशनर्स को भी तोहफा दिया है, शासन ने इन्हें दिए जाने वाली महंगाई राहत (DR) में 5 प्रतिशत की वृद्धि करने का फैसला किया है, इस वृद्धि से पेंशनर्स की महंगाई राहत 38% हो गई है, इससे इन्हें हर महीने 4 हजार रुपये तक का फायदा होगा।
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने बताया है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा राज्य सरकार के पेंशनर्स को महंगाई राहत में 5 प्रतिशत वृद्धि किये जाने के बाद नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा भी प्रदेश के नगरीय निकायों के सातवें वेतनमान अनुसार पेंशन प्राप्त कर रहे 17 हजार पेंशनर्स की महंगाई राहत में 5 प्रतिशत की वृद्धि कर दी गई है। इससे पेंशनर्स को हर महीने 400 रुपये से 4 हजार रुपये तक का फायदा होगा।
महंगाई राहत में की गई वृद्धि का भुगतान पेंशनर्स को एक जुलाई 2023 से किया जायेगा एवं माह अगस्त में ही रक्षाबंधन के पूर्व ही पेंशनर्स को एक महीने की बढ़ी हुई महंगाई राहत राशि के एरियर्स का भुगतान भी किया जायेगा। नगरीय निकायों के पेंशनर्स को एक अक्टूबर 2022 से 33 प्रतिशत महंगाई राहत मिल रही थी, जिसमें 5 प्रतिशत वृद्धि किये जाने के बाद अब कुल महंगाई राहत 38 प्रतिशत हो गई है।